शनिवार, 25 जनवरी 2025

विद्यापति शृंखला एक

महत्वपूर्ण सूचना 

कभी निश्चय किया था कि दस दिन तक अभिनव जयदेव; #विद्यापति, मैथिल कोकिल के जीवन, काव्य और उनसे संबंधित इतिहास, किंवदंतियों आदि पर चर्चा करेंगे किंतु अपरिहार्य कारणों से वह शृंखला बीच में ही छूट गई थी। अब हम वह पूरा करना चाहते हैं।

हम जानते हैं कि हिंदी साहित्य के आरंभिक काल के कवि विद्यापति शैव, वैष्णव और शाक्त के संगम हैं। उनके यहां इतिहास बहुत स्पष्ट और अभिलिखित है। कविता में शृंगार योजना ऋषियों को भी विचलित कर देने वाला है। राधा और कृष्ण के प्रेम का अकुंठ और मादक रूप बहुत आकर्षक है। लोक में उनकी व्याप्ति अद्भुत है। आज भी एक बड़े क्षेत्र में विद्यापति की रचनाएं गाई जाती हैं और वह स्त्री समाज में समादरणीय हैं। वह बंगाल और ओडिसा तक में समान रूप से लोकप्रिय हैं। उनकी रचना में मिथिला क्षेत्र के साथ जौनपुर का भी उल्लेख है। तत्कालीन समाज का सबसे प्रमाणिक चित्रण उनके यहां है।

विद्यापति की रचनाओं ने हिंदी साहित्य को गहरे स्तर तक प्रभावित किया है। कवि शिरोमणि सूरदास से लेकर समस्त कृष्ण भक्त कवियों पर विद्यापति का स्पष्ट प्रभाव दिखता है। आधुनिक काल में नागार्जुन, रेणु और रामवृक्ष बेनीपुरी पर उनका गहरा प्रभाव है।

तो आगामी कुछ दिन तक हम विद्यापति पर एक स्वतंत्र पोस्ट लिखेंगे जो एक दूसरे से जुड़े होंगे। आपसे अपेक्षा रहेगी कि हमारा उत्साहवर्धन हो।

#विद्यापति_एक
#विद्यापति #Vidyapati #MaithilKokil #मैथिलकोकिल #साहित्य #कविता #पदावली


शनिवार, 18 जनवरी 2025

हिन्दी में हस्ताक्षर

हस्ताक्षर, दस्तखत , signature की भाषा नहीं होती। वह आपके नाम की मुहर है, आपके व्यक्तित्व का चिह्न है। यह चिह्न रेखाओं से बनता है। सामान्य लोग सामान्यतः अपना हस्ताक्षर करते हैं तो वह अपनी जानी हुई लिपि में अपना नाम लिख देते हैं। यह प्रवृत्ति है। अपना नाम लिखना, पहचान बताने का सबसे आसान तरीका है। जो व्यक्ति जिस लिपि में साक्षर होता है, उसी लिपि में हस्ताक्षर करता है।
हिन्दी कोई लिपि नहीं है। हिन्दी एक भाषा है। इसकी लिपि देवनागरी है। नाम रमाकान्त राय लिखा जाए या Rama Kant Roy एक ही है। इसमें भाषा कहां है? लिपि अलग है। देवनागरी और रोमन।
तो कहना यह है कि आचार्य प्रशांत को बेसिक्स का ज्ञान नहीं है। वह सामान्य लोगों को मूर्ख बनाने के लिए यहां हैं और यह काम कर रहे हैं।


शुक्रवार, 17 जनवरी 2025

श्री हनुमान चालीसा

दोहा - 

श्रीगुरु चरन सरोज रज निज मनु मुकुरु सुधारि। 
बरनऊं रघुबर बिमल जसु जो दायकु फल चारि।।

बुद्धिहीन तनु जानिके सुमिरौं पवन कुमार। 
बल बुद्धि बिद्या देहु मोहिं हरहु कलेस बिकार।।

श्री हनुमान जी महाराज

चौपाई - 
जय हनुमान ज्ञान गुन सागर।
जय कपीस तिहुं लोक उजागर।
रामदूत अतुलित बल धामा।
अंजनि पुत्र पवनसुत नामा।
महाबीर बिक्रम बजरंगी।
कुमति निवार सुमति के संगी।
कंचन बरन बिराज सुबेसा।
कानन कुंडल कुंचित केसा।
हाथ बज्र औ ध्वजा बिराजै।
कांधे मूंज जनेऊ साजै।
संकर सुवन केसरीनंदन।
तेज प्रताप महा जग बन्दन।
विद्यावान गुनी अति चातुर।
राम काज करिबे को आतुर।
प्रभु चरित्र सुनिबे को रसिया।
राम लखन सीता मन बसिया।
सूक्ष्म रूप धरि सियहिं दिखावा
बिकट रूप धरि लंक जरावा।
भीम रूप धरि असुर संहारे।
रामचंद्र के काज संवारे।
लाय सजीवन लखन जियाये।
श्रीरघुबीर हरषि उर लाये।
रघुपति कीन्ही बहुत बड़ाई।
तुम मम प्रिय भरतहि सम भाई।
सहस बदन तुम्हरो जस गावैं।
अस कहि श्रीपति कंठ लगावैं।
सनकादिक ब्रह्मादि मुनीसा।
नारद सारद सहित अहीसा।
जम कुबेर दिगपाल जहां ते।
कबि कोबिद कहि सके कहां ते।
तुम उपकार सुग्रीवहिं कीन्हा।
राम मिलाय राज पद दीन्हा।
तुम्हरो मंत्र बिभीषन माना।
लंकेस्वर भए सब जग जाना।
जुग सहस्र जोजन पर भानू।
लील्यो ताहि मधुर फल जानू।
प्रभु मुद्रिका मेलि मुख माहीं।
जलधि लांघि गये अचरज नाहीं।
दुर्गम काज जगत के जेते।
सुगम अनुग्रह तुम्हरे तेते।
राम दुआरे तुम रखवारे।
होत न आज्ञा बिनु पैसारे।
सब सुख लहै तुम्हारी सरना।
 तुम रक्षक काहू को डर ना।
आपन तेज सम्हारो आपै।
तीनों लोक हांक तें कांपै।
भूत पिसाच निकट नहिं आवै।
महाबीर जब नाम सुनावै।
नासै रोग हरै सब पीरा।
जपत निरंतर हनुमत बीरा।
संकट तें हनुमान छुड़ावै।
मन क्रम बचन ध्यान जो लावै।
सब पर राम तपस्वी राजा।
तिन के काज सकल तुम साजा।
और मनोरथ जो कोई लावै।
सोइ अमित जीवन फल पावै।
चारों जुग परताप तुम्हारा।
है परसिद्ध जगत उजियारा।
साधु संत के तुम रखवारे।
असुर निकंदन राम दुलारे।
अष्ट सिद्धि नौ निधि के दाता।
अस बर दीन जानकी माता।
राम रसायन तुम्हरे पासा।
सदा रहो रघुपति के दासा।
तुम्हरे भजन राम को पावै।
जनम-जनम के दुख बिसरावै।
अन्तकाल रघुबर पुर जाई।
जहां जन्म हरि भक्त कहाई।
और देवता चित्त न धरई।
हनुमत सेइ सर्ब सुख करई।
संकट कटै मिटै सब पीरा।
जो सुमिरै हनुमत बलबीरा।
जै जै जै हनुमान गोसाईं।
कृपा करहु गुरुदेव की नाईं।
जो सत बार पाठ कर कोई।
छूटहि बंदि महा सुख होई।
जो यह पढ़ै हनुमान चालीसा।
होय सिद्धि साखी गौरीसा।। 
तुलसीदास सदा हरि चेरा।
कीजै नाथ हृदय मंह डेरा।। 
श्री राम लक्ष्मण सीता जी और हनुमान
दोहा - 
पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप।
राम लखन सीता सहित, हृदय बसहु सुरभूप।।

मंगलवार, 14 जनवरी 2025

चंद्रभागा (चेनाब) नदी पर पुल

चंद्रभागा (चेनाब) नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल बनकर तैयार है! हम नित प्रति नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। तेज गति की रेलगाड़ी अब इसपर चला करेंगी।

चंद्रभागा पर बना पुल वीडियो।

आइए चंद्रभागा के संबंध में कुछ रोचक जानते हैं।


चन्द्रभागा नदी हिमाचल प्रदेश में लाहौल और स्पीति जिले में सूरज ताल और चन्द्र ताल से निकलती है। इसे चेनाब या चिनाब कहने लगे हैं और अब यही नाम मिलता है। ऋग्वेद में इस नदी का नाम अस्किनी है। यह शतद्रु (सतलुज) की सहायक नदी है जो आगे जाकर सिंधु में समाहित होती है।

चन्द्र भागा
चंद्रभागा नदी


चंद्रभागा (चेनाब) त्रिमु में इरावती (रावी) और वितस्ता (झेलम) नदी से मिलती है और आगे बढ़कर उचशरीफ के पास शतद्रु (सतलज) में मिल जाती है। पञ्चनद (पंजाब) क्षेत्र की अन्य नदी विपासा (ब्यास) फिरोजपुर के पास शतद्रु नदी में मिलती है। यह शतद्रु मिथनकोट में सिंधु में समाहित हो जाती है।

सूरजताल, जहां से भागा नदी निकलती है, लेह जाने वाली सड़क पर स्थित बारा लाचा ला नामक दर्रे के पास स्थित है। स्पीति घाटी में स्थित चन्द्रताल के पास ही चन्द्रा नदी का उद्गम स्थान है। टांडी नामक स्थान पर भागा और चंद्रा संगम करती हैं।

ईसा से लगभग तीन सौ साल पहले इस चंद्रभागा और वितस्ता (झेलम) के बीच के क्षेत्र में राजा पोरस का राज्य था। वह पोरस जिसका संघर्ष सिकंदर के साथ हुआ। 

चंद्रभागा पर बना पुल


पंजाबी के साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त प्रसिद्ध कवि सुरजीत पातर बताते हैं - "पंजाब की कविता और साहित्य में चिनाब का उल्लेख सबसे ज़्यादा है। हीर-रांझा के दुखद रोमांस या किस्सा में, नायक रांझा चिनाब नदी को पार करके अपने पैतृक गांव तख्त हजारा से झंग शहर पहुंचता है। नदी के किनारे ही उसकी पहली मुलाकात हीर से होती है। वे नदी के किनारे जंगल में मिलते हैं।

सुरजीत पातर
सुरजीत पातर (चित्र - down to earth से)


सोहनी-महिवाल के एक अन्य लोकप्रिय किस्सा में नायिका सोहनी महिवाल से मिलने के लिए चिनाब नदी के पानी में मिट्टी का घड़ा तैराती है। अंत में, एक ईर्ष्यालु रिश्तेदार उसके घड़े की जगह एक नया बना घड़ा रख देता है, जो टूट जाता है और सोहनी डूब जाती है। महिवाल उसे बचाने के लिए तैरता है। लेकिन वह भी उफनते पानी में डूब जाता है।"

(डाउन टू अर्थ में)

देवेंद्र सत्यार्थी ने लिखा है - नहीं रीसां चिनाब दियां, भरेंव सुक्की वाघे। चेनाब अद्वितीय है, भले सूख जाए। बहुत सारे कवियों/साहित्यकारों ने इस नदी को बहुत प्यार से याद किया है। अमृता प्रीतम ने विभाजन के दृश्य को याद करते हुए लिखा है - "अज्ज बेले लशां बिछियां, ते लहू दी भरी चिनाब। वह लिखती हैं कि प्रेमियों की नदी आज लाशों और खून से भरी हुई है। प्रख्यात पंजाबी कवि प्रोफेसर मोहन सिंह ने एक कविता में कहा था कि उनकी अस्थियों को गंगा के बजाय चिनाब में प्रवाहित किया जाए, क्योंकि यह 'प्रेम की नदी' है।

चेनाब प्रेम की नदी है। हीर रांझा और सोहनी महिवाल की नदी है। इसमें बहने वाला जल प्रेमियों की आँख का जल है। मोहन सिंह ने एक कविता में लिखा कि गंगा नदी देवताओं को बनाती है, यमुना देवियों को जबकि चेनाब प्रेमियों का निर्माण करती है।


मैंने कहीं पढ़ा था कि चेनाब, चेन+आब से बना है जहां चेन का अर्थ चंद्रमा है, आब का जल। इस तरह चेनाब का अर्थ चंद्रमा का जल है। शीतल और प्रिय।

यह नाम चंद्रभागा से ही निष्पन्न समझना चाहिए। चंद्रमा का भाग, हिस्सा समझने पर भी यही अर्थ आयेगा। इस्लामिक संस्कृति के प्रभाव में इस नदी का नाम बदल गया। कवियों/कलाकारों ने इस नदी में सांस्कृतिक भाव भर दिए। चेनाब नाम चल गया। प्रेम की चर्चा होती है तो हीर रांझा याद आ जाते हैं। चेनाब नाम याद आ जाता है। जबकि यह चंद्रभागा है।

मैं हमेशा कहता हूं कि एक संघर्ष हर तरफ चल रहा है। कई मोर्चे पर जारी है। सभ्यता संघर्ष। इस संघर्ष में विरासत पर अधिकार करने की कोशिशें बदस्तूर जारी हैं। झेलम वितस्ता का बदला नाम है। सतलुज का नाम शतद्रु था। व्यास विपासा थी। रावी इरावती का परिवर्तित नाम है।

आज नदियों के नाम बदले हैं। पर्वत शिखरों के नाम बदले जा रहे हैं! नया चलन पहले फैशन और साझा विरासत के नाम पर चल रहा है और बाद में एक कागज लेकर कोई आ जाता है कि महाकुंभ क्षेत्र का इतना अंश हमारा है, जिसपर मेला लग रहा है।

अपने प्राचीन नाम को याद रखें। उन्हें प्रयोग में ले आएं। आज बिन्त नाम पढ़ते समय याद आया कि बिन्नी/बिनती/बंटी आदि नाम हमने उसी के प्रभाव में स्वीकार कर लिए हैं। हमने बहुत अंगीकृत किया है। इतना अधिक कि हम हम नहीं रह गए हैं, वह हो जाने के कगार पर हैं!

मुझे वह नहीं होना है! पुल हमें जोड़ें। अधिग्रहित न कर लें।
इति।

सोमवार, 13 जनवरी 2025

पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप।

पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप।
राम लखन सीता सहित, हृदय बसहु सुरभूप।।

भाग- 23
अंतिम छंद, दोहा।
श्री हनुमान चालीसा शृंखला।
पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप।
पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप।

श्री हनुमान चालीसा के इस अंतिम छंद में हनुमान जी को पुनः पवन तनय अर्थात पवन देव का पुत्र बताया गया है। यह कहकर उन्हें किसी भी तरह के संकट को हर लेने वाला यानि ले लेने वाला कहा गया है। हनुमान जी साक्षात् मंगल मूर्ति हैं। वह सदा सर्वदा मंगल करने वाले हैं। गोस्वामी तुलसीदास की प्रार्थना है कि हनुमान जी, जो देवताओं के राजा हैं- सुरभूप; वह भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और जानकी जी के साथ हृदय में निवास करें।

इस दोहे में बहुत सहजता से भगवान श्रीराम, उनके अनुज शेषावतार लक्ष्मण और साक्षात् जगदम्बा सीता जी के साथ हनुमान जी को भी हृदयंगम करने की बात है। यह और इस जैसी कई अन्य युक्तियों को देखकर लगता है कि गोस्वामी तुलसीदास समन्वय की विराट चेष्टा के पैरोकार हैं।

श्री हनुमान चालीसा का समापन भी दोहे से हुआ है। आरंभ में दो दोहा और अंत में एक; कुल तीन दोहे श्री हनुमान चालीसा में हैं। तुलसीदास की काव्य योजना बहुत सुचिंतित और एक सुगठित वास्तु की तरह है। श्रीरामचरितमानस में जिस वर्ण से आरम्भ हुआ है उसी वर्ण से पूर्ण। यह महीन संरचना का एक अंग है।

श्री हनुमान चालीसा की यह कड़ी यहां पूरी होती है। हनुमान जी की चालीसा का यह शृंखलाबद्ध व्याख्या वाला प्रभाग पूर्ण हुआ। भगवान श्री राम और बजरंगी हनुमान जी की जय के साथ इस शृंखला को यहां विराम देता हूं।
 
#हनुमानचालीसा_व्याख्या_सहित #HANUMAN #अंतिम_छंद #दोहा
#श्री_हनुमान_चालीसा #जय_श्री_राम_दूत_हनुमान_जी_की
#हनुमानचालीसा_शृंखला

राम लखन सीता सहित, हृदय बसहु सुरभूप।
राम लखन सीता सहित, हृदय बसहु सुरभूप।


रविवार, 12 जनवरी 2025

जो यह पढ़ै हनुमान चालीसा।

जो यह पढ़ै हनुमान चालीसा।
होय  सिद्धि  साखी  गौरीसा॥
तुलसीदास सदा हरि चेरा।
कीजै नाथ हृदय मँह डेरा॥

भाग- 22
बीसवीं चौपाई।
श्री हनुमान चालीसा शृंखला।

जो यह पढ़ै हनुमान चालीसा।
जो यह पढ़ै हनुमान चालीसा।


श्री हनुमान चालीसा पाठ सिद्धिदायक है। हनुमान जी अष्ट सिद्धि के दाता हैं, यह वरदान उन्हें माता जानकी ने दे रखा है। अष्ट सिद्धि नौ निधि पर हमने विस्तार से चर्चा की है। श्री हनुमान चालीसा को पढ़ने से सिद्धियां प्राप्त हो जाती हैं, यह बात इस चौपाई में कही गई है और इसके लिए यह भी कहा गया है कि इस बात की साक्षी स्वयं गौरी पार्वती हैं। उन्होंने इस चौपाई में स्वयं को भगवान का सदा सदा से चेरा अर्थात सेवक माना है और प्रार्थना की है कि श्री भगवान जी हमेशा उनके हृदय में निवास करें। हम जानते हैं कि हनुमान चालीसा लिखने की प्रेरणा तुलसीदास जी को भगवान शिव के कहने से मिली थी। यह हनुमान चालीसा पढ़ना प्रभावकारी है, इसकी साक्षी स्वयं माता पार्वती हैं।

तुलसीदास जी ने सामान्य मानवी पर विश्वास जताने के लिए इस वाक्य की योजना की है। जिस बात का साक्ष्य स्वयं माता पार्वती हैं, उसमें अविश्वास करने का कोई कारण नहीं हो सकता।

यह श्री हनुमान चालीसा की अंतिम चौपाई है। सभी कवियों की तरह तुलसीदास जी इस पंक्ति में अपनी छाप के साथ हैं। तुलसीदास का नाम तुलसी ही था किंतु भगवान से भक्ति और स्वयं को सेवक मानने के उनके आग्रह को देखते हुए उनके नाम के साथ ही दास शब्द जुड़ गया। जब यह संज्ञा में परिवर्तित हो गया तो तुलसी ने अपने सेवक रूप को पृथक प्रकट किया और इसी भाव को धारण किया। वह रघुकुल शिरोमणि श्रीरामचंद्र जी के सदा सदा से सेवक बनकर रहना चाहते हैं।

भगवान के भक्त के लिए इससे सुघड़ और उच्च भाव नहीं हो सकता कि वह श्री हरि के सबसे निकट के सेवक बनें। चूंकि भगवान की लीलाओं के भगवान के निकट के संबंधी किसी न किसी के अवतार हैं, इसलिए उसमें सम्मिलित होने की गुंजाइश नहीं है तो सेवक के रूप में रहना सबसे अधिक स्वीकार्य और सहज है। तुलसीदास जी यही प्रार्थना भी करते हैं।

होय सिद्ध साखी गौरीसा।
होय सिद्ध साखी गौरीसा।


पुनः बताना है कि हमारे विवेचन में अब तक बाईस भाग में दो दोहा के साथ जिन बीस चौपाइयों की चर्चा हुई है, वह चालीस अर्द्धाली हैं। चौपाई की एक अर्द्धाली में दो चरण होते हैं। चालीस पंक्तियों की रचना होने के कारण यह चालीसा है।
#जय_श्री_राम_दूत_हनुमान_जी_की
#हनुमानचालीसा_व्याख्या_सहित #Hanuman #चौपाई
#श्री_हनुमान_चालीसा
#हनुमानचालीसा_शृंखला


शनिवार, 11 जनवरी 2025

जय जय जय हनुमान गोसाईं।

जय जय जय हनुमान गोसाईं।
कृपा करहु  गुरुदेव  की नाई॥
जो सत बार पाठ कर कोई।
छुटहि बँदि महा सुख होई॥

भाग- 21
उन्नीसवीं चौपाई।
श्री हनुमान चालीसा शृंखला।

जय जय जय हनुमान गोसाईं।

जय जय जय हनुमान गोसाईं


हनुमान जी की वंदना बहुविध करने के बाद गोस्वामी तुलसीदास ने इस चौपाई में उनकी जयकार की है और उन्हें गुसाईं कहा है। साथ ही उनसे अपेक्षा की है कि वह गुरुदेव की तरह कृपा करें। वह कहते हैं कि  यदि कोई व्यक्ति हनुमान चालीसा का सौ बार पाठ करे तो वह समस्त बंधनों से मुक्त हो जाता है और उसे महासुख की प्राप्ति हो जाती है। यहां चौपाई में प्रयुक्त गुसाईं गोस्वामी का लोक व्यवहारित शब्दरूप है। गोस्वामी दो शब्दों का युग्म है- गो+स्वामी। गो का अर्थ है इंद्रिय। हम जानते हैं कि पांच कर्म इंद्रियां हैं और पांच ज्ञानेंद्रियां। यह किसी भी शरीर का सर्वाधिक महत्वपूर्ण भाग है। कहा जाए कि यही वास्तव में शरीर है तो गलत न होगा। इस प्रकार काया का स्वामी जो है, जो हमारा आराध्य है, उसे गोस्वामी कहा जाएगा। जो अपनी काया का स्वामी है वह भी गोस्वामी होता है।

दूसरे प्रभाग में हनुमान जी से गुरुदेव की भाँति कृपा करने को कहा गया है। गुरुदेव की महिमा भारतीय सनातन परंपरा में खूब गाई गई है। वह अंधकार से प्रकाश में ले जाने वाले हैं। कबीर ने तो उन्हें गोविंद से भी श्रेष्ठ कहा है। यहां श्री हनुमान चालीसा में हनुमान जी की वंदना पूरी होती है। इसी चौपाई में हनुमान चालीसा पढ़ने के माहात्म्य पर चर्चा है।

इस चौपाई में शत बार पाठ करने की बात है। यह बारम्बारता के लिए है। गुणी जन शत की संख्या सात भी बताते हैं किंतु यहां यह समझना चाहिए कि एक दिन में ही पाठ नहीं करना है। बंदी जीवन से आशय है बंधन से युक्त जीवन। यह अनावश्यक प्रतिबंधों, कष्ट आदि से जनित होता है। महासुख की बात भी इसी चौपाई में है। #महासुख का अर्थ है साधकों को सिद्धि प्राप्त हो जाने पर मिलने वाला परमानंद। बौद्ध साधना पद्धति में महासुख को निर्वाण के सुख की तरह समझा गया है। इसे मैथुन अथवा रति से प्राप्त सुख के लिए भी जोड़ते हैं।लेकिन कुल मिलाकर महासुख का अर्थ अतिशय आनंद की स्थिति से है। गोस्वामी तुलसीदास ने हनुमान चालीसा के पाठ से अपरिमित सुख प्राप्ति का उपाय इस चौपाई में बताया है।
#जय_श्री_राम_दूत_हनुमान_जी_की
#हनुमानचालीसा_व्याख्या_सहित #Hanuman #चौपाई
#श्री_हनुमान_चालीसा
#हनुमानचालीसा_शृंखला


सद्य: आलोकित!

M A HINDI 3rd semester आधुनिक हिन्दी काव्य Question Paper

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर  Paper Code- A010901T M.A. (III Semester) Examination, 2026-27 (राष्ट्रीय शिक्षा नीति) हिन्दी आध...

आपने जब देखा, तब की संख्या.