हस्तक्षेप लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हस्तक्षेप लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 26 अक्तूबर 2022

पंक्ति की तलाश में साहित्य का दीपक

                 -डॉ रमाकान्त राय 

        कोविड-19 के बाद इस वर्ष का दीपावली पर्व ऐसा है जिसमें कोरोना महामारी की प्रत्यक्ष छाया कम है। विश्वव्यापी बन्दी के बाद दुनिया में जो सुस्ती आई है, वह भारतीय बाजार पर भी स्पष्ट दिखाई पड़ती है। यद्यपि लोग इस आपदा से उबरने के लिए प्रयासरत हैं और बाजार उसे भुलाने में लगा हुआ है तथापि यह मंदी उपस्थित है। शासन-सत्ता की सक्रियता और सहभागिता ने इसमें जान फूंकने में कोई कसर नहीं छोड़ी है किन्तु भारतीय सांस्कृतिक और साहित्यिक परिदृश्य में पारम्परिक भारतीय उत्सवों को लेकर एक प्रच्छन्न आपदाकाल जारी है। गजानन माधव मुक्तिबोध का अंधेरे में सर्वत्र व्याप्त है जहां दिया जल रहा है,/ पीतालोक-प्रसार में काल चल रहा है।” और अज्ञेय का गर्व भरा, मदमाता यह दीप अकेला’, इसको भी पंक्ति को दे दो की पुकार लगा रहा है।

यह दीप अकेला

          हिन्दी का समूचा साहित्य एक विशेष मनःस्थिति का सृजन है। आदिकाल से लेकर नयी कविता के आगमन तक हिन्दी पट्टी पराधीनता के साये में पली-बढ़ी है। मुग़ल काल में कृष्ण भक्तों का अष्टछाप सीकरी से दूर श्रीनाथ जी के मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित करता है और रामभक्त राम नाम के मणिदीप को जिह्वा की देहरी पर रखकर अन्तः और बाह्य दोनों को प्रकाशित कर रहे हैं। निर्गुणिया कवि दीपक-तेल-बत्ती का व्यवहार संसार के आवागमन से मुक्ति के सम्बन्ध में ही करते दीखते हैं। रीतिकाल का कवि नायिका की देह के उजाले में मुग्ध है। अंग्रेज़ राज आने के बाद आधुनिक हिन्दी साहित्य के अग्रदूत भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, बलिया के ददरी मेले में भाषण देते हुए अनुभव साझा करते हैं कि "सब उन्नतियों का मूल धर्म है। इससे सबसे पहले धर्म की ही उन्नति करनी उचित है। देखो अंग्रेजों की धर्मनीति राजनीति परस्पर मिली है इससे उनकी दिन-दिन कैसी उन्नति हुई है। उनको जाने दो अपने ही यहाँ देखो। तुम्हारे धर्म की आड़ में नाना प्रकार की नीति, समाज-गठन, वैद्यक आदि भरे हुए हैं।" आज से लगभग डेढ़ सौ साल पहले भारतवर्षोन्नति कैसे हो सकती है पर विचार करते हुए वह कहते हैं, “भाइयो, अब तो नींद से जागो। अपने देश की सब प्रकार से उन्नति करो। जिसमें तुम्हारी भलाई हो वैसी ही किताब पढ़ो। वैसे ही खेल खेलो। वैसी ही बातचीत करो। परदेसी वस्तु और परदेसी भाषा का भरोसा मत रखो। अपने देश में, अपनी भाषा में उन्नति करो।”


          जब स्वाधीनता की लौ सबसे ऊँची उमग रही थी तब सोहनलाल द्विवेदी, सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला, जयशंकर प्रसाद, माखनलाल चतुर्वेदी, सुमित्रानंदन पंत, महादेवी वर्मा आदि साहित्यकारों ने दीपावली, दीपक और प्रकाश को नए अर्थ से जोड़ा। स्वाधीनता प्राप्ति के बाद सम्प्रदायनिरपेक्ष बनने के क्रम में राजनीति, धर्मनीति से पृथक होती गयी और संतुलन के प्रयास में एक तरफ झुकती गयी। इसका प्रभाव साहित्य में भी देखा गया। जिस अंधेरे में का उल्लेख ऊपर मुक्तिबोध के साथ किया गया है, वह साहित्य में स्थायी भाव बनता गया और अज्ञेय का दीपक अधिक अकेला पड़ता गया। अंधेरा धीरे-धीरे साहित्य और समाज में भी छा गया। उदासीनता बढ़ती गयी। हरिवंशराय बच्चन ने इसे लक्षित कर लिखा- “है अंधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है।” हरिवंशराय बच्चन, दीपावली पर इसी अँधेरे से जूझते दिखाई देते हैं-

साथी, घर-घर आज दिवाली।
फैल गयी दीपों की माला, मंदिर-मंदिर में उजियाला
किन्तु हमारे घर का, देखोदर काला, दीवारें काली!
साथी, घर-घर आज दिवाली।

          हिन्दी के आधुनिक साहित्य में दीपावली कभी नहीं आई। जब स्वतन्त्रता मिली तो एक समुदाय ने यह आजादी झूठी है का राग अलापा। प्रगतिशीलों का यह स्वर अद्यतन जारी है। वह आए दिन संविधान, जनतंत्र आदि को संकट में पड़ा हुआ देखता है और लोगों को निःसहाय, विवश तथा कठपुतली जानकर अपने नारे लगवाता है। हिन्दी का साहित्यिक समाज आज भी अँधेरे से जूझता हुआ, अदृश्य शत्रुओं ने निरन्तर युद्धरत है। भारतीय राजनीति सम्प्रदायनिरपेक्ष रहने के प्रयास में साहित्य को प्रभावित करती रही। इसी अवधि में यूरोप तथा अमेरिका धर्मनीति से ओतप्रोत हो अपना सांस्कृतिक प्रसार करते रहे और दीपावली के विषय में अपने फतवे सुनाते रहे। वह दीपावली को पर्यावरण प्रदूषक के रूप में और होली को अश्लीलता का पर्याय बताते रहे। भारतीय समाज में दीपावली प्रकाश और खुशियों का पर्व कम; प्रदूषण, आतिशबाज़ी, स्वास्थ्यनाशक, जीवहिंसक, व्यापार, बाजार आदि का कारक अधिक बनकर उभरा। दीपावली भगवान श्रीराम के घर आगमन का उत्सव नहीं रहा।

          जो दीपावली घर के राम-लक्ष्मण के शुभागमन का पर्व था, वह धनतेरस की चकाचौंध में पड़ गया। बाजार ने उसे उपहारों से ढँक दिया। स्वच्छता, सुगंधि और सुसज्जा को व्यर्थताबोध से जोड़ने की हरसंभव कोशिश की गयी। वातावरण को प्रदूषण से कराहता हुआ दिखाया गया। दीपावली पर हर बार पटाखे प्रभावी होते हैं। प्रकृति पूजा के पर्व छठ ने भी दीपावली की छटा को समेटा है। चौतरफा दबाव में इस त्योहार ने अपने मूल भाव को लगभग विस्मृत कर दिया है।

          वर्तमान सत्ता ने अप्रत्यक्ष रूप से राजनीति को धर्मनीति से जोड़ा है। विगत कुछ वर्षों में धर्मस्थलों के पुनरुद्धार और सुंदरीकरण ने लोगों को अपने धार्मिक मान्यताओं से जोड़ने के मार्ग पर खड़ा किया है। जिस अयोध्या में भगवान श्रीराम के आगमन के अवसर पर घी के दिये जलाए गए थे, खुशियाँ मनाई गयी थीं, उस अयोध्या को सजाने-सँवारने के लिए प्रदेश और केन्द्र दोनों शासन सन्नद्ध हैं। विगत वर्षों से यह संलिप्तता संभवतः साहित्यिक मानस को प्रभावित करे और दीपों का, प्रकाश का यह पर्व रचनात्मक रूप से उर्वर करे, ऐसी उम्मीद की जा सकती है।

          हालाँकि हिन्दी साहित्य अपनी सार्थकता प्रतिरोध का साहित्य रचने में मानता है और उसके लिए यही प्रतिरोध खाद-पानी का काम करता है। शासन के साथ स्वर में स्वर मिलाकर रचे गए साहित्य को वह कभी मूल्यवान नहीं मानता और उसे हमेशा उपेक्षणीय मानता है। बीते दिवस एक प्रगतिशील साहित्यकार ने दुर्गासप्तशती के लोकभाषा अवधी में काव्यानुवाद करने की कामना प्रकट की तो प्रगतिशील समुदाय ने खूब खरी-खोटी सुनाई और उन्हें सत्ता के गलियारों में लाभ के आकांक्षी के रूप में प्रस्तुत कर दिया। हाशिया के विमर्शों ने भी पारम्परिक उत्सव और त्योहार को मलिन करने में अपनी भूमिका निभाई है। इसलिए यह सम्भावना बहुत कम है कि आगामी दिनों में भी भारतीय पर्व और त्योहारों को लेकर कोई सकारात्मक, रचनात्मक पहल होने वाली है। यदि होगी भी तो उसका संज्ञान नहीं लिया जाएगा।

हस्तक्षेप, राष्ट्रीय सहारा में शनिवार 22 अक्टूबर, 2022 को प्रकाशित 

पंक्ति की तलाश में साहित्य का दीपक

                                                                                             

शनिवार, 6 अगस्त 2022

स्वाधीनता के 75 साल और हमारा सामाजिक ताना-बाना

         स्वाधीनता के अमृत महोत्सव वर्ष में अपने सामाजिक ताने-बाने पर विचार करते हुए सबसे पहला ध्यान तो इस यात्रा के आरंभिक बिन्दु पर जाता है, जब देश के पूर्वी और पश्चिमी भाग में भारी मार-काट मची थी और पाकिस्तान से रेलगाड़ियों में शव, बोरे की शक्ल में आ रहे थे। दोनों सीमाओं पर अफरा-तफरी मची थी और लोग अपने वतन की तलाश में शरणार्थी और मुहाजिर बनने को विवश थे। स्वाधीनता की पूर्व संध्या पर देश का सामाजिक ताना-बाना एक नया आकार ले रहा था। चयन शुद्ध सांप्रदायिक आधार पर हो रहा था। मुसलमान पाकिस्तान जा रहे थे और हिन्दू भारत में आने के लिए प्रयास कर रहे थे। संप्रदाय के आधार पर निर्मित राष्ट्र पाकिस्तान जाने के लिए बहुत से मुसलमान लालायित थे, कुछ विवश थे और कुछेक इस द्विविधा में थे कि क्या करें। सीमाओं पर हो रही गतिविधि देश के अंदरूनी हिस्सों में भी हलचल मचा रही थी। कुछ लोग देश छोड़कर जाने की तैयारी कर रहे थे, कुछ उनकी सहायता कर रहे थे, कुछ विवश कर रहे थे तो कुछ रोक रहे थे। पाकिस्तान के गठन ने इस देश के सामाजिक ढांचे को बुरी तरह उद्वेलित कर दिया था।

          हिन्दू और मुसलमान समुदाय का आपसी सम्बन्ध ही इस विश्लेषण के केंद्र में है क्योंकि भारत में सामाजिक ताना-बाना इन्हीं के आपसी सम्बन्धों का आईना है। अन्य सभी समुदाय इस अमृत काल तक छिटपुट घटनाओं को छोड़कर, जिसमें 1984 का भीषण सिख संहार शामिल है, लगभग शांतिपूर्ण सहअस्तित्त्व में है। संघर्ष और मेल के जो रिश्ते हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच हैं, वही भारत में सामाजिक ताने-बाने का आधार बनता है।

          स्वाधीनता प्राप्ति और विभाजन की विभीषिका से अंग्रेजों की बोई हुई सांप्रदायिकता वाली विषबेल कई सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक कारणों से फैलती गयी। विभाजन के बाद जब पाकिस्तान बना तो वह बाकायदा मुसलमानों का मुल्क बना और स्वाभाविक रूप से भारत को हिन्दुओं का देश मान लिया गया। यद्यपि भारत में कोई सामुदायिक बाध्यता नहीं थी और यहाँ सभी समुदायों की सुरक्षा, नागरिकता और अधिकारों को लेकर अतिरिक्त प्रयास किए गए। यह संदेश दिया गया कि यह देश मुसलमानों का भी उतना ही है जितना हिन्दुओं का। यदि विभाजन केन्द्रित कुछ हिन्दी उपन्यासों का अनुशीलन किया जाए, जैसे यशपाल का झूठा-सच’, शानी का काला जल’, राही मासूम रज़ा का आधा गाँव’, कमलेश्वर का लौटे हुए मुसाफिर’, बदीउज़्जमां का छाको की वापसी’, भीष्म साहनी का तमस आदि तो यह बात समझ में आती है कि जो मुसलमान भारत में ही रह गए, उनमें से कइयों को अपनी देशभक्ति प्रमाणित करने के लिए प्रयास करना पड़ा। देश में रह गए मुसलमान भी विभिन्न अवसरों पर अपनी निष्ठा के लिए संदेहास्पद बने।

          यह इतिहास का एक काला अध्याय है कि अभी हमारा देश विभाजन के दंश को ठीक से झेल भी नहीं पाया था कि स्वाधीनता प्राप्ति के एक साल के भीतर ही सन 1948 ई0 में पाकिस्तान की आक्रमणकारी नीति और कश्मीर मामले को लेकर दबाव में आ गया। जूनागढ़ और हैदराबाद के निजाम भी हिन्दुओं तथा मुसलमानों के बीच वैमनस्य बढ़ाने वाले कारक के रूप में उभर रहे थे। 1965 ई0 और 1971 ई0 में निर्णायक युद्ध में पाकिस्तान बुरी तरह पराजित हुआ तो जनमानस में यह विभेद और बढ़ा। समय समय पर देश के भिन्न भिन्न शहरों में भीषण सांप्रदायिक दंगे हुए। इन दंगों से यह वैमनस्य बढ़ा। विभिन्न राजनीतिक कारणों से यह दंगे अधिक समय तक चलते रहे। प्रसिद्ध साहित्यकार राही मासूम रज़ा ने अपने एक लेख में बताया है कि भारत में केवल हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच दंगे तीन से अधिक दिन तक चल सकते हैं।

          भारत के मुसलमानों के साथ दो तत्त्व बहुत गहराई से जुड़ गए थे, पाकिस्तान के साथ उनका सांप्रदायिक और आत्मीय आधार पर जुड़ाव और अरबों के साथ उत्पत्ति विषयक। यह दोनों ही तत्त्व भारत से उनके जुड़ाव में बाधक था। अब्दुल बिस्मिल्लाह ने अपने उपन्यास झीनी झीनी बीनी चदरिया में एक पात्र के व्यवहार से इस वृत्ति को बहुत सुंदरता से उद्घाटित किया है कि जब क्रिकेट मैच में “पाकिस्तान जीतता है, यह किक्की मुफ्त पान बांटने लगता है और हार की खबर सुनते ही दुकान बंद कर देता है।” यह सहानुभूति ऐसी दुखद सच्चाई है जो मुसलमानों के साथ अनिवार्य रूप से जुड़ गयी है और आज भी ऐसे कई प्रकरण में यह दिखाई देती है और बहुत प्रमुखता से उछाली भी जाती है।

          पाकिस्तान के साथ भारतीय मुसलमानों का लगाव आत्मीयता और रिश्तेदारी से था तो अरब देशों की तरफ वह मक्का मदीना, यानि पवित्र धर्मस्थल की स्थिति से झुका। दुर्भाग्य से भारत के यह लोग अपने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक लाभ-हानि के लिए भी अरबों के मुखापेक्षी हो गए। कई एक मामले, जिसमें मुसलमान अपने को प्रगतिशील दिखा सकते थे और बंद समाज के दायरे से निकल सकते थे, उन्होंने मध्य एशिया के मुस्लिम देशों, खलीफाओं की तरफ देखा और इस तरह वह हिन्दुओं की तरफ पीठ कर खड़े हो गए।

          जिस समय यूरोप और अमेरिका ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर रहे थे, भारत अपना अन्तरिक्ष कार्यक्रम आगे बढ़ा रहा था। भारत में हिन्दू तब स्वयं को उदार रखकर आगे बढ़ने के लिए सरकारी योजनाओं के साथ कदमताल कर रहा था, जबकि मुसलमान कट्टरता अपना रहा था। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद, हुमायूँ कबीर, फख़रुद्दीन अली अहमद और करीम छागला से लेकर नुरुल हसन तक; आजादी के लगभग तीस साल तक भारत के शिक्षा मंत्री के पद पर मुसलमान नेता रहे किन्तु इस अवधि में मदरसा शिक्षा अधिक सांप्रदायिक रही। मुसलमान अपनी सांप्रदायिक पहचान के प्रति अधिक सजग बन रहा था। शाहबानो प्रकरण में यह देखा गया कि यह समुदाय अपने पारंपरिक तौर तरीकों में बदलाव के लिए कतई राजी नहीं है। राही मासूम रज़ा ने अपने एक लेख में बहुत तीक्ष्ण शब्दों में आलोचना करते हुए लिखा है कि इन्हें इस्लाम कटपीस में चाहिए। इस समुदाय में नए समाज के हिसाब से चलने की कोई ललक नहीं और इस क्रम में उसकी पक्षधरता अधिक संदेहास्पद हुई।

          उदारीकरण के साथ ही देश में सांप्रदायिकता के एक नए अध्याय का आरंभ हुआ। उदारीकरण से दुनिया एक गाँव में बदलने के लिए अपने मार्ग प्रशस्त कर रही थी। भारत में सामाजिक ढाँचा करवट ले रहा था। तब भारत में हिन्दुओं और मुसलमानों को सांप्रदायिक आधार पर गोलबंद किया गया। जब भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या में मुग़लों द्वारा राम मंदिर के स्थान पर बनाए गए ढांचे को लेकर राजनीति शुरू हुई, तो समूचे भारतीय उपमहाद्वीप में भारी उथल पुथल मची। कांग्रेस ने जब कपाट खुलवाए और पूजा अर्चना शुरू की तो भाजपा ने रथयात्रा आरंभ की। दिसम्बर 1992ई0 में ढांचा ढहाए जाने के बाद देश भर में दंगे और प्रदर्शन हुए।

          ऐसा देखा गया कि 1992ई0 के बाद मुस्लिम समुदाय पूर्णरुपेण अरबों का मुखापेक्षी हो गया। यह समुदाय अधिक मुखर हुआ और उसने अपने सांप्रदायिक प्रतीकों का अधिक उग्रता से प्रदर्शन करना प्रारम्भ किया। काशीनाथ सिंह ने अपने उपन्यास काशी का अस्सी में एक संवाद में लक्षित किया कि मस्जिदों पर लाउडस्पीकर इस घटना के बाद रातों रात लगा दिये गए।

          आज स्वाधीनता के अमृत महोत्सव वर्ष में यह साफ देखा जा सकता है कि भारत में हिन्दू , सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध आदि समुदाय नए ज्ञान-विज्ञान के साथ आने के लिए स्वयं में बदलाव हेतु व्यग्र हैं जबकि मुसलमान आकांक्षी होकर भी रूढ़ियों और कट्टरताओं में उलझा हुआ है। सरकार निरंतर योजना बनाती है कि वह युवाओं के हाथ में कुरान के साथ साथ कंप्यूटर भी देखना चाहती है किन्तु जैसा कि तुलसीदास लिख गए हैं- दोऊ की होऊ एक समय भुवाला। हंसब ठठाई फुलाईब गाला।

          आज मुस्लिम समुदाय अरब देशों के निर्देशों से संचालित हो रहा है। एक घटना मात्र होती है और इसकी व्यापक प्रतिक्रिया में अरब देश भी त्वरित उपस्थित होते हैं। अभी हाल के दिनों में टीवी बहस के एक प्रकरण को लेकर यह बहुत स्पष्ट तरीके से देखा गया। मुस्लिम समुदाय अपने सांप्रदायिक प्रतीकों को लेकर अधिक आग्रही है। जिस तरह ईरान, तुर्की, फ्रांस आदि देश क्रमशः कट्टरपंथ की तरफ अग्रसर हुए हैं, भारत में उसकी प्रतिच्छाया दिखी है। बच्चों के नामकरण से लेकर संस्कारों और दैनिक व्यवहारों में यह देखा जा सकता है। सड़कों पर अदा किया जाने वाला नमाज हो या शिक्षण संस्थानों में हिजाब का मामला, मुस्लिम समुदाय ने अपने प्रतिगामी रूप को अधिक प्रदर्शित किया है। यह प्रदर्शन बहुत आक्रामक दिखाई देता है। इसके विपरीत हिन्दू जनमानस अपने सांप्रदायिक प्रदर्शन से बचने का उपाय करता मिला है। वह नवधा भक्ति के समस्त कर्मकांड के स्थान पर उदारवादी रवैया रखते हुए सहिष्णु बनने के लिए हर तरह का मूल्य चुकाने को तत्पर दिखता है। यद्यपि आज कई प्रतिक्रियावादी घटनाएँ इस समुदाय को भी कट्टरता के दायरे में धकेल रही हैं किन्तु सामान्यतः यह समुदाय दूसरे को पर्याप्त स्थान देने के लिए सदैव प्रयासरत दिखाई देता है।

          स्वाधीनता के अमृत महोत्सव वर्ष में हम यह नहीं कह सकते कि भारत में इन दोनों समुदायों के बीच आगामी वर्षों में तीखापन नहीं आएगा। दुर्भाग्य से भारत में इस समय किए जा रहे सामाजिक सुधारों का, जिसमें तीन तलाक, कश्मीर मामला, सी ए ए और एनआरसी आदि शामिल हैं, मुस्लिम समुदाय विरोध कर रहा है और इस विरोध के पीछे कोई तार्किक आधार भी नहीं है। तब भी आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी के एक वाक्य से अपनी बात खत्म करता हूँ- क्या निराश हुआ जाये?

(हस्तक्षेप दिनांक 05 अगस्त, 2022)

हम और हमारा सामाजिक ताना-बाना


 

 ------डॉ रमाकान्त राय

लेखक एवं विश्लेषक

असिस्टेंट प्रोफेसर, हिन्दी

728सिविल लाइंसइटावाउत्तर प्रदेश 206001

royramakantrk@gmail.com  9838952426

ट्विटर- ramakroy


रविवार, 10 जुलाई 2022

हिन्दू-मुस्लिम रिश्ते और कट्टरता

 - डॉ रमाकान्त राय

    वर्तमान समय में हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के बीच एक विशेष सम्बन्ध देखने को मिल रहा है, जहां मुस्लिम कट्टरता के प्रत्युत्तर में एक उग्र नवहिन्दू स्वर है। भारत में इस तरह का व्यवहार सर्वथा नया है। हिन्दू समाज बहुत सहिष्णु समाज के रूप में जाना जाता रहा है, जो अपने साम्प्रदायिक प्रतीकों और मान्यताओं पर किए जाने वाले प्रहार को बहुत सहजता से झेलता रहा है। इसके पीछे उच्च और समृद्ध ज्ञान-विज्ञान तथा समावेशी जीवन दर्शन प्रमुख कारक तो रहा ही है, लंबे समय से केंद्रीय सत्ता से दूरी से उपजी दासता भी इसके लिए बराबर ज़िम्मेवार रही है। गुजरात के गोधरा नरसंहार के बाद एक विशिष्ट भाव-भंगिमा देखी गयी है। बीते दिन नूपुर शर्मा से संबन्धित विवाद में भी दुनिया भर के लिए अनपेक्षित था कि कोई इस प्रकार उग्र और कटु वचन व्यक्त करेगा। इससे समाज में एक नयी बहस चली है और दोनों समुदायों में कट्टरता पर विमर्श होने लगा है। हिन्दू-मुस्लिम रिश्तों और सामुदायिक कट्टरता को ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में समझना चाहिए।

ऐतिहासिक सम्बन्ध और कट्टरता का स्वरूप-

          भारत के पश्चिमी तट पर इस्लाम के उदय देश अरब के समुद्री मार्ग से आनेवाले व्यापारी अच्छा व्यवसाय करते थे। काली मिर्च और चन्दन का निर्यात होता था और अरब में पाये जाने वाले उत्कृष्ट कोटि के घोड़े की भारत में बहुत मांग थी। जब अरबों ने इस्लाम स्वीकार कर लिया तो उनके व्यवहार और उद्देश्य में बदलाव देखा गया। वह राजनीतिक और सांप्रदायिक शक्ति के विस्तार के लिए उद्धत दिखने लगे। राजनीतिक रूप से सबसे पहले सन 656ई0 में खलीफा उमर के शासनकाल में मुंबई के निकट थाणे पर आक्रमण हुआ जिसमें अरब पराजित हुए और खदेड़ दिये गए। पराजित होने के बाद भी अरब साम्राज्य विस्तार में लगे रहे और 712 ई0 में उन्हें सबसे पहले मुहम्मद बिन कासिम के नेतृत्व में सफलता मिली, जब उन्होंने सिंध के शासक दाहिर को हराया। दाहिर की सेना बहादुरी से लड़ी। उनकी पत्नी ने भी संघर्ष किया किन्तु पराजित हुए। कासिम ने संपत्ति लूटने के बाद सिंध के निवासियों को इस्लाम अथवा मृत्यु में से एक चुनने के लिए बाध्य किया। सामान्य जन के साथ इस्लाम का यह पहला संपर्क था। बड़ी संख्या में लोगों ने मृत्यु का वरण किया।

          नवीं सदी में केरल के मालाबार का राजा चेरामन पेरूमल को धोखे से मुसलमान बना दिया गया। उसने अरबों को धर्म प्रसार के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ प्रदान कीं। जामोरिन के शासनकाल में तो धीवर (जुलाहा) परिवार के लिए शासनादेश आया कि घर का एक व्यक्ति इस्लाम अवश्य स्वीकार करे। फिर तो राजनीतिक संरक्षण में मस्जिद आदि का निर्माण होने लगा। पीर-औलिया आदि अस्तित्व में आ गए। उनका एकेश्वरवाद और भेदभाव रहित समाज की संकल्पना वाला सम्प्रदाय अपने दर्शन से प्रभावित भी करने लगा। इस्लाम और उसके अनुयायियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। अरबों के काम को तुर्कों ने आगे बढ़ाया और व्यवस्थित तरीके से पूर्ण किया। तुर्क आक्रमणकारी सुबुक्तगीन और महमूद गजनवी ने भारत में इस्लाम के लिए राजमार्ग बनाया। महमूद गजनवी के अत्याचार की कहानियाँ तो किंवदंती हैं। उसने सोमनाथ के प्रसिद्ध मंदिर को लूटा और अकूत धन लेकर गया। तुर्कों का एक अन्य शक्तिशाली आक्रमण मुहम्मद गोरी ने किया और तराइन के दूसरे युद्ध में पृथ्वीराज चौहान को हराया। यह विजय भारत में मुसलमानों के स्थायी शासन की शुरुआत थी। यहीं से दिल्ली सल्तनत की नींव पड़ी जिसे मुगलों ने और अधिक मजबूत किया।

सस्कृतिक विस्तार और भागीदारी-

          हिन्दू-मुस्लिम रिश्तों में राजनीतिक विस्तार सबसे महत्त्वपूर्ण घटक है। केंद्रीय सत्ता की स्थापना के बाद इन सम्बन्धों में अधिक निकटता हुई। फिर सांस्कृतिक विस्तार अधिक प्रभावी बना। मुगल बादशाहों ने हिन्दू परिवारों में वैवाहिक सम्बन्ध बनाए। जन्माष्टमी, होली-दीपावली आदि उत्सवों में सहभागिता की तथा भारतीय धर्म-दर्शन आदि को समझने के लिए गंभीर प्रयास किए। धर्मग्रंथों का अनुवाद हुआ और उनके संरक्षण आदि पर ध्यान दिया। राजनीतिक संरक्षण में विदेश से आया एक समुदाय तेजी से अपना विस्तार करता रहा। सूफी, संत और फकीर तथा औलिया विभिन्न माध्यमों से हिंदुओं के संपर्क में आते रहे। इस्लाम एक विशेष कट्टर सोच के साथ चल रहा था तो सूफी-पीर-औलिया उसमें प्रेम का रस भरने का प्रयास कर रहे थे। चूंकि केंद्रीय सत्ता उनका संरक्षण कर रही थी इसलिए उनकी कट्टरता को स्वाभाविक माना जा रहा था। तैमूर, नादिरशाह, औरंगजेब आदि आक्रमणकारी/शासक की गतिविधियां शासकीय क्रूरता मानकर निबाही जा रही थीं। हिन्दू भी पराजित जाति की तरह इसे सहने के लिए बाध्य थे।

अंग्रेजों का आगमन और सांप्रदायिकता-

          18वीं सदी में जब केंद्रीय सत्ता पर ईस्ट इंडिया कंपनी का अधिकार होने लगा तो हिन्दू और मुस्लिम समाज में एक नए सम्प्रदाय का प्रवेश हुआ। यह ईसाई थे। कायदे से तो सामाजिक स्तर पर क्लेश ईसाई और हिन्दू-मुसलिम समुदाय में होना चाहिए था किन्तु अंग्रेजों की चतुराई और फूट डालो, राज्य करो के क्रियान्वयन में यह सांप्रदायिक भाव हिन्दू और मुसलमानों में सतह पर दिखने लगा। अंग्रेज़ निरंतर इसे प्रज्ज्वलित करते रहे और इन दोनों समुदायों के बीच जो खाई थी, उसे ठीक से खोदकर रख दिया। हिन्दू और मुस्लिम समुदाय में एक बड़ा अंतर समाज के खुलेपन से जुड़ा था। मुस्लिम समाज हद दर्जे तक बंद समाज था। अपने धर्म की रक्षा के अनुक्रम में केंद्रीय सत्ता से विहीन हिन्दू भी कछुआ धर्म अपना रहे थे, तथापि उनका समाज बहुत खुला और उदार था। इसाइयों को अपने विस्तार के लिए यह समुदाय सॉफ्ट केक की तरह मिला। नतीजा यह हुआ कि अंग्रेजों ने अपने सम्प्रदाय के विस्तार के लिए हिन्दू और मुसलमान समुदायों के विभेद को हवा दी। मुस्लिम लीग और हिन्दू महासभा की स्थापना को प्रोत्साहित किया और सांप्रदायिकता के बीज बोये। अंग्रेजों के जाने के बाद भी यह भाव बहुत गहराई तक पैठा हुआ है।

उदारीकरण की विसंगतियाँ-

          विगत कुछ सालों से, उदारीकरण के बाद, जब से पूंजी का स्वरूप आवारा किस्म का हुआ है, इसने दुनिया के दूसरे देशों को सांप्रदायिक आधार पर प्रभावित करना शुरू किया है। जब से शक्ति विस्तार में मूलतः सांप्रदायिक चेतना को पाया गया है, तब से हिन्दू-मुसलमान सम्बन्धों में एक नया मोड़ दिखाई देने लगा है। दुनिया लगभग दो ध्रुवीय हो गयी है। ईसाइयत और इस्लाम का द्वंद्व बहुत तेजी से दुनिया में फैला है। इससे अलग साम्प्रदायिक पहचान रखने वाले समाज तीसरी दुनिया के समाज हैं। अमेरिका के खाड़ी के देशों पर आक्रमण के बाद से यह ध्रुव बहुत स्पष्ट देखे गए हैं। ईसाइयत का केंद्र वेटिकन है और इस्लाम का अरब अथवा तुर्की। भारत में मैकाले की शिक्षा नीति के बावजूद हिन्दू समुदाय विविध तरीके से अपने को बचाने की कोशिश में संलग्न है।

रिश्तों का वर्तमान और भविष्य-

          लंबे समय से सत्ता से च्युत समुदाय पहली बार मुखर होने के लिए छटपटा रहा है। सांप्रदायिकता और असहिष्णुता के आरोप से दो चार हो रहा है, अपनी अस्मिता और प्राचीन धरोहरों के लिए एकत्र हो रहा है और स्वयं का ध्रुवीकरण कर रहा है। इस ध्रुवीकरण से एक संकीर्णता उदित हुई है जिससे आपसी सम्बन्ध की कटुता सतह पर आ गयी है। देश और दुनिया में बीते दिनों हुए कई घटनाक्रमों ने हिन्दू-मुस्लिम रिश्तों के एक नए युग में प्रवेश की पटकथा रच दी है जो दोनों समुदायों में अधिक कट्टरता, विभेद और संघर्ष की तरफ ले जाएगी।

राष्ट्रीय सहारा के हस्तक्षेप में 
 राष्ट्रीय सहारा के हस्तक्षेप में आलेख का लिंक


असिस्टेंट प्रोफेसर, हिन्दी

पंचायत राज राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय,

इटावा

9838952426

गुरुवार, 7 जुलाई 2022

आदिवासी आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति बनेंगी महामहिम!

 -डॉ रमाकान्त राय

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन द्वारा आदिवासी समुदाय की संघर्षशील महिला और झारखंड के राज्यपाल पद को सुशोभित कर चुकी महिला द्रोपदी मुर्मू को महामहिम के लिए अपना प्रत्याशी बनाकर एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है। भारतीय जनता पार्टी को अपने शासन काल में तीन बार राष्ट्रपति चुनाव के लिए अवसर मिला और उसने ए पी जे अब्दुल कलाम, रामनाथ कोविन्द और द्रोपदी मुर्मू का नाम आगे करके हाशिया पर रहने वाले वंचित समाज को उच्च पद पर आसीन करने का एक उल्लेखनीय काम किया है। पहले मुसलमान फिर अनुसूचित जाति और अब अनुसूचित जनजाति की महिला उम्मीदवार खड़ा करके उसने वंचित और शोषित समुदाय को अवसर देने का श्रेय लिया है।

      द्रोपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से आती हैं और उनका सम्बन्ध ओडिसा से है। ओडिसा के मयूरभंज जनपद के एक संताल परिवार में जन्मीं द्रोपदी मुर्मू ने अध्यापक के रूप में अपना सार्वजनिक जीवन प्रारम्भ किया और अपने पति तथा पुत्रों की अकाल मृत्यु के बाद भी अदम्य साहस और राजनीतिक क्षमता का परिचय देते हुए विधानसभा, मंत्रिपद और राज्यपाल के रूप में सेवाएँ देकर शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया। वह झारखंड की पहली महिला और आदिवासी राज्यपाल होने का गौरव रखती हैं। अब जबकि राष्ट्रपति पद पर उनका चुना जाना लगभग सुनिश्चित है, देश और शोषित वंचित आदिवासी समुदाय को उनसे अपेक्षाएँ बढ़ गयी हैं।

          द्रोपदी मुर्मू के देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होने के साथ ही आदिवासी समुदाय को एक महत्त्वपूर्ण पहचान मिलने की उम्मीद रहेगी। आदिवासी और दलित समुदाय में यह बहुत बड़ा द्वंद्व रहा है कि आदिवासी समुदाय, तथाकथित मुख्यधारा से इतर एक पृथक जीवन प्रणाली का अंग रहा है और कई बार उसकी अपेक्षा रही है कि उसकी स्वायत्तता और स्वतन्त्रता तथा जीवन पद्धति में अनावश्यक दखल न किया जाय। जबकि दलित समुदाय मुख्य धारा के समाज के बीच में उपेक्षा और अश्पृश्यता से मुक्त होने के लिए छटपटाता रहा है। आदिवासी समुदाय की सबसे बड़ी चुनौती है मुख्यधारा से जुड़ना। अपने सामुदायिक प्रतीकों और रीति-रिवाजों को सर्व समाज में स्वीकृत कराना। देश के सर्वोच्च पद पर बैठने से लोगों का दृष्टिकोण बदलेगा और इन पहचानों को मान्यता मिलेगी। द्रोपदी मुर्मू के राष्ट्रपति के रूप में पदासीन होने के बाद आदिवासी समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने में बहुत बड़ी सफलता मिलने वाली है।

       वर्तमान समय में आदिवासियों का शोषण, उनके जल, जंगल और जमीन पर बढ़ता अतिक्रमण एक बड़ा मुद्दा है। देश के विभिन्न भागों में आदिवासी समुदाय इस अतिक्रमण से बहुत क्षुब्ध है और इसीलिए नक्सलियों के प्रति सहानुभूतिशील भी। झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश, ओडिसा, महाराष्ट्र आदि राज्यों में नक्सलियों की रीढ़ यह समुदाय इसीलिए बना हुआ है क्योंकि उसे आशंका है कि तथाकथित विकास की यह प्रक्रिया और अतिक्रमणवादी भावना उनकी स्वायतत्ता और स्वतन्त्रता को नष्ट कर देगी और उनके जंगल, आवास आदि को नष्ट कर डालेगी। राष्ट्रपति के रूप में द्रोपदी मुर्मू के समक्ष यह चुनौती होगी कि वह आदिवासियों को विश्वास में लें और उनकी आशंकाओं को दूर करें। आज आदिवासी समुदाय तथाकथित दिकु लोगों के संपर्क में आकर ऋण के ऐसे चंगुल में फंसा हुआ है जिसमें वह लगभग तबाह हो जाता है। औने-पौने कीमत पर उनकी जमीन हड़प ली जाती है, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार होता है और यह सब शोषण स्वाधीनता प्राप्ति के बाद से निर्बाध चल रहा है। देश के एक बड़े समूह को आशा है कि इस सब शोषण आदि पर रोक लगेगी और आदिवासी समुदाय को परेशान करने वाली मानसिकता क्षरित होगी। नक्सली समस्या से निजात मिलेगी।

         शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार होने की राह प्रशस्त होगी। जनसंख्या के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 1991 में भारत में अनुसूचित जनजातियों की साक्षारता दर 29.6 प्रतिशत थी जो वर्ष 2001 में बढ़कर 47.1 प्रतिशत तक पहुंची है किन्तु यह एक सतोषजनक आंकड़ा नहीं है। यह देश भर में साक्षारता के औसत दर 74 प्रतिशत से बहुत कम है। शिक्षा और स्वास्थ्य के सम्बन्ध में भी यह समुदाय बहुत आशा भरी दृष्टि से देख रहा है।

आदिवासी समुदाय अपनी भाषा और संस्कृति को लेकर भी संघर्ष कर रहा है। आदिवासी क्षेत्रों में यह माँग ज़ोरों पर है कि आदिवासी क्षेत्रों में प्राथमिक शिक्षा का भाषाई माध्यम स्थानीय हो जिसके लिए प्रयास जारी हैं। आदिवासी समुदाय अपने साहित्य को लेकर भी विमर्श के केन्द्र में है। उनका अधिकांश साहित्य वाचिक परंपरा का है और धीरे धीरे लुप्त होने के कगार पर है। लिखित साहित्य को भी मुख्य धारा में स्थान बनाने में संघर्ष करना पड़ रहा है। जो गिने चुने साहित्यकार हैं, उनकी रचनाओं को एक वृहद संसार मिलेगा और उनका स्वर देश-देशान्तर में पहुंचेगा।

         आदिवासी समाज में धर्मांतरण एक बहुत बड़ा विषय है। जितनी तेजी से ईसाई मिशनरियाँ इन दुर्गम क्षेत्रों में पहुँचकर अपना अभियान चला रही हैं, वह सुरसा की तरह विकराल होता जा रहा है। मैं जब सोनभद्र में कार्यरत था तो देखा करता था कि स्वास्थ्य और शिक्षा तथा पोषण को दृष्टिगत कर मिशनरी के लोग आदिवासियों को धर्मांतरित करते रहते थे और जब तब इसके लिए अभियान चलाते थे। आज देश में आदिवासी, ईसाइयों के सबसे आसान शिकार हैं। द्रोपदी मुर्मू बनवासी कल्याण आश्रम से जुड़ी रही हैं और आदिवासियों की विभिन्न समस्याओं से बखूबी परिचित हैं। उन्हें इस समुदाय की आशाओं/आकांक्षाओं का ज्ञान है। वह आदिवासी समुदाय की महिला नेता और अध्यापक रही हैं। यह सब कुछ उन्हें बहुत संवेदनशील, मर्मज्ञ और चुनौतियों के प्रति सदय बनाता है।

राष्ट्रीय सहारा के हस्तक्षेप में

यद्यपि देश का एक अन्य बौद्धिक वर्ग तंज़ करते हुए यह कह रहा है कि राष्ट्रपति रहते हुए दलितों का जितना उपकार रामनाथ कोविन्द ने किया, आदिवासियों का द्रोपदी मुर्मू करेंगी। इस तंज़ में कोई सकारात्मक भाव नहीं है। रामनाथ कोविन्द के सर्वोच्च पदासीन होने का एक प्रतीकात्मक महत्त्व है जिसका प्रत्यक्ष प्रभाव कम और अप्रत्यक्ष प्रभाव अधिक है। समाज के शोषित, वंचित समुदाय का आत्मविश्वास प्रबल होता है, उन्हें यह विश्वास होता है कि भारत जैसे लोकतान्त्रिक देश में वह भी देश का महामहिम बन सकते हैं। स्वतन्त्रता के अमृत महोत्सव वर्ष में हमारे देश में यह एक शानदार पहल हो रही है कि आदिवासी समुदाय की एक महिला को पहली बार राष्ट्रपति के पद पर आसीन होने का अवसर मिल रहा है। समूचे विश्व को इस पहल का स्वागत करना चाहिए।

राष्ट्रीय सहारा के हस्तक्षेप का ऑनलाइन लिंक


असिस्टेंट प्रोफेसर, हिन्दी

पंचायत राज राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय,

इटावा, उत्तर प्रदेश

9838952426

royramakantrk@gmail.com

सद्य: आलोकित!

सच्ची कला

 आचार्य कुबेरनाथ राय का निबंध "सच्ची कला"। यह निबंध उनके संग्रह पत्र मणिपुतुल के नाम से लिया गया है। सुनिए।

आपने जब देखा, तब की संख्या.