गुरुवार, 6 फ़रवरी 2025

नागिन की लहर जैसे विद्यापति के पद

विद्यापति की कीर्ति का आधार है पदावली। इस पदावली में भक्ति और शृंगार के पद हैं। शृंगार के पदों में जहां राधा और कृष्ण हैं, वहीं राजा शिवसिंह और लखिमा देवी हैं। इसी में अपरूप सौंदर्य का वर्णन  है।

वस्तुतः विद्यापति अपरूप सौंदर्य के कवि हैं। शृंगार वर्णन के क्रम में जब वह रूप वर्णन करते हैं तो उनकी दृष्टि प्रगल्भ हो उठती है। वह मांसल भोग करने लगते हैं। सौंदर्य वर्णन में वह "सुन्दरि" की अपरूप छवि के बारे में अवश्य ही बताते हैं -
"सजनी, अपरूप पेखलि रामा!"
"सखि हे, अपरूप चातुरि गोरि!"

अपरूप अर्थात ऐसा रूप जो वर्णन से परे है। अपूर्व है। अवर्णनीय है। जातक ग्रंथों में अनुत्तरो शब्द आता है। सबसे परे। यह सुन्दरी राधा हैं। राधा की व्यंजना अपने अपने अनुसार हो सकती है। वह राधा के रूप को देखकर कहते हैं कि उन्हें बनाने में जैसे विधाता ने धरती के समस्त लावण्य को स्वयं मिलाया हो।

रूप वर्णन करते हुए विद्यापति अपरूप का व्यक्त करते हैं और उनकी दृष्टि #स्तनों पर टिक जाती है। #कुच वर्णन में जितना उनका मन रमा है, हिंदी में ही नहीं, संभवतः किसी भी साहित्य में द्वितीयोनास्ति! जब शैशव और यौवन मिलता है तब नायिका मुकुर अर्थात आईना हाथ में लेकर, अकेले में जहां और कोई नहीं है अपना उरोज देखती है, उसे (विकसित होते) देखकर हंसती है -
"निरजन उरज हेरइ कत बेरि, बिहंसइ अपन पयोधर हेरि।
पहिलें बदरि सम पुन नवरंग, दिन दिन अनंग अगोरल अंग।"
पहले बदरि समान अर्थात बैर के आकार का। फिर नारंगी।..
वह वयःसंधि में अपने बाल संवारती और बिखेर देती है। उरोजों के उदय स्थान की लालिमा देखती है।
नागिन की लहर जैसे विद्यापति के पद

रूप वर्णन में #विद्यापति का मन इस अंग के वर्णन में खूब रमा है। वह पदावली में अवसर निकाल निकाल कर एक पंक्ति अवश्य जोड़ देते हैं। दूसरा, अंग जिसपर #विद्यापति की काव्य प्रतिभा प्रगल्भ है, वह #नितंब हैं।
"कटिकेर गौरव पाओल नितंब, एकक खीन अओक अबलंब।" कटि अर्थात कमर का गौरव नितम्बों ने पा लिया है। एक क्षीण हुआ है तो अन्य पर जाकर आश्रित हो गया है।

विद्यापति की यह सुन्दरि पीन पयोधर दूबरि गाता है। वह क्षण क्षण की गतिविधि को अंकित करते हैं। सौंदर्य की यही तो परिभाषा कही गई है - प्रतिक्षण नवीन होना। सौंदर्य वहीं है जहां नित नूतन व्यवहार है, रूप है, दर्शन है।

इसी के प्रभाव से जो रूप बना, वह मनसिज अर्थात कामदेव को मोहित कर लेने वाला है। मुग्धा नायिकाओं के चरित्र को विद्यापति बहुत सजल होकर अपने पदों में व्यक्त करते हैं और इसे अपरूप कहकर रहस्यात्मक और अलौकिक बना देते हैं।

नागिन की लहर जैसे विद्यापति के पद

विद्यापति का यह रूप वर्णन इतना मांसल है कि कालांतर में यह सभा समाज से गोपनीय रखा जाने लगा।
यह विचार करने की बात है कि जिस समय विद्यापति थे, लगभग उसी समय खजुराहो और कोणार्क के मंदिर बन रहे थे। रूप वर्णन और काम कला के अंकन में कैसी अकुंठ भावना थी। समाज कितना आगे था। फिर बाहरी आक्रमण हुए, स्त्रियों को वस्तु मानने वाले लोगों का आधिपत्य हुआ, समाज में दुराचारी और बर्बर लोगों का हस्तक्षेप हुआ, लुच्चे और लंपट आततायी लोग आए और सामाजिक ताना बाना बिखर गया। नए बंधन मिल गए। घूंघट और पर्दा की प्रथा बन गई। मुक्त समाज बचने के लिए सिकुड़ता चला गया।

विद्यापति के रूप वर्णन को मुक्त मन की स्वाभाविक अभिव्यक्ति मानना चाहिए। वह बहुत आधुनिक कवि हैं। उनसा कोई और नहीं है। बाद के कवियों ने बहुत प्रयास किया, नख शिख वर्णन में कोशिश की लेकिन वह सहजता, स्वाभाविकता नहीं आई। यह स्वाभाविकता मुक्त सामाजिक व्यवस्था से आती है, जिसकी छवि विद्यापति के यह दिखती है।

#vidyapati #पदावली #रूप_वर्णन
#सौन्दर्य
#अपरूप

विद्यापति : भाग छह


कीर्तिलता : पहली रचना का महत्त्व

विद्यापति : भाग पांच

अपनी पहली रचना कीर्तिलता में विद्यापति ने आश्रयदाता राजा कीर्ति सिंह की कीर्ति कथा की है। इसमें राजा कीर्ति सिंह द्वारा अपने पिता का वध करके राज्य हड़पने वाले अरसलान को पराजित करने और राज्य वापस पाने की कथा है जिसमें जौनपुर के शासक इब्राहिम शाह की सहायता मिली है। इस रचना में विद्यापति ने अपने समय और समाज की गाथा सुनाई है। कीर्तिकथा के बीच-बीच में जौनपुर शहर का वर्णन तद्युगीन समाज का प्रतिबिंब है।

कीर्तिलता में वर्णित नगर जौनपुर ही है। इस रचना में एक ऐसी घटना का संदर्भ है जिसमें ओइनवार राजा, राजा गणेश्वर, को तुर्की सेनापति मलिक अरसलान ने 1371 ई में मार दिया था। 1401ई तक, विद्यापति ने जौनपुर सुल्तान इब्राहिम शाह ने अरसलान को उखाड़ फेंकने और गणेश्वर के पुत्रों, वीरसिंह और कीर्तिसिंह को सिंहासन पर स्थापित करने में योगदान दिया। सुल्तान की सहायता से, अरसलान को हटा दिया गया और सबसे बड़ा पुत्र कीर्ति सिंह मिथिला का शासक बने।

कीर्ति सिंह ने अपनी वीरता से अरसलान को पराजित किया। यह सच्चाई है। इस कृति में नगर वर्णन की चर्चा बारंबार इसलिए होती है क्योंकि नगर की जिस गहमा गहमी की बात उन्होंने की है, वह अद्भुत वर्णन के साथ है। सबसे अधिक मन वैश्याओं के रूप वर्णन में रमा है। रूप वर्णन करते हुए विद्यापति का ध्यान मांसल रूप पर अधिक है। मलिक मोहम्मद जायसी ने पद्मावत में भी यह किया है। रसिकों को आकर्षित करने के लिए यह होता होगा। शिवपूजन सहाय के अनुसार इस रचना के तृतीय पल्लव में पहली बार बिहार शब्द का प्रयोग स्वतंत्र राज्य के रूप में हुआ है।

दूसरे, इस ग्रंथ में जौनपुर के शासक के 'शांतिप्रिय समुदाय वाले' सैनिकों की लुच्चई को भी विद्यापति ने अपने पर्यवेक्षण में छोड़ा नहीं है। यह रचना विद्यापति की पहली कृति है। इसमें चार पल्लव हैं। भृंग भृंगी की कहानी में कीर्ति सिंह "सुपुरिस" हैं। सुपुरुष, अर्थात? सु की व्याख्या अच्छे अर्थ में जितनी कर ली जाए।

यह रचना अवहट्ट में है। विद्यापति देसिल बयना यानी लोक की बोली को मीठा मानते हैं। इसीलिए यह रचना अवहट्ट में हुई।
"देसिल बयना सब जन मिट्ठा।
ते तैसन जम्पओ अवहटट्ठा।।”
काव्य में सरसता का भाव भाषा के माध्यम से भी हो आया है। इसी कृति में विद्यापति ने कहा है कि बाल रूप में चंद्रमा (द्वितीया का चांद) और विद्यापति की भाषा पर दुर्जनों के उपहास का कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
बाल चंद विज्जावइ भाषा,
दुहु नहि लग्गइ दुज्जन हासा।

आगामी शृंखला में पदावली की चर्चा करते हुए विद्यापति के प्रिय शब्द "अपरूप" की चर्चा करेंगे। यह शब्द उन्होंने राधा और कृष्ण दोनों के लिए किया है।

कीर्तिलता : पहली रचना का महत्त्व


#विद्यापति #मैथिल_कोकिल #Vidyapati #साहित्य #कीर्तिलता

विद्यापति : भाग पांच

++🧵🧵++

कीर्तिलता : पहली रचना का महत्त्व



विद्यापति : रचनाएं

   विद्यापति : भाग चार

      वैसे तो विद्यापति की तीन कृतियों, कीर्तिलता, कीर्तिपताका और पदावली की ही चर्चा होती है लेकिन हम उनकी पुस्तक "पुरुष परीक्षा" से आरंभ करेंगे। यह विद्यापति की तीसरी पोथी है जिसको लिखने की आज्ञा शिव सिंह ने दी थी। यह धार्मिक और राजनीतिक विषय पर कथाओं की पोथी है। ध्यान रहे कि इसमें भी शृंगार विस्मृत नहीं है। पुरुष परीक्षा नामक पोथी का बहुत आदर है। सन 1830 में इसका अंग्रेजी अनुवाद हुआ और प्रसिद्ध फोर्ट विलियम कॉलेज में यह पढ़ाई जाती थी। बंगला के प्राध्यापक हर प्रसाद राय ने 1815 ई० में इसका भाषानुवाद किया।

कीर्तिलता विद्यापति की प्रथम रचना है। प्राकृत मिश्रित मैथिली, जिसे उन्होंने अवहट्ट नाम दिया है, में राजा कीर्तिसिंह प्रमुख हैं। इसी में विद्यापति ने "देसी बोली सबको मीठी लगती है" जैसा सिद्धांत प्रतिपादित किया है - देसिल बयना सब जन मिट्ठा! इस रचना में जौनपुर का वर्णन है। मेरे मित्र सुशांत झा ने विद्वानों के हवाले से बताया है कि यह जौनपुर असल में जौनापुर है, जो दिल्ली अथवा उसके निकट का कोई उपनगर है। अगली कड़ी में इस पर स्वतंत्र रूप से लिखेंगे।

दूसरी पोथी नैतिक कहानियों की है- भू परिक्रमा शीर्षक से। चौथी कृति कीर्तिपताका है। इसमें प्रेम कविताएं हैं। पांचवीं लिखनावली है जिसमें चिट्ठी लिखने की विधि बताई गई है। शिवार्चन पर संस्कृत में रचित 'शैवसर्वस्वसार' एक पूर्ण पुस्तक है, जिसमें विविध पुराणों के आधार पर शिवार्चन की पद्धति बतायी गयी है।

संस्कृत कृतियों में विभासागर, दान वाक्यावली, पुराणसंग्रह, गंगा वाक्यावली, दुर्गाभक्ति, तरंगिनी, मणिमंजरी, गयापत्तलक, वर्णकृत्य तथा व्यादिभाक्ति, विभाग सार आदि विद्यापति की अन्य प्रमुख कृतियां हैं जो उनकी विद्वता का परिचय देती हैं।

इन सबसे ऊपर है- पदावली! यही विद्यापति की लोकप्रियता का आधार और लंब सब कुछ है। इसमें गेय पद हैं, राग रागिनियों में आबद्ध। हम इसे केंद्र में रखकर आगे चर्चा करेंगे और कुछ सरस पदों की व्याख्या भी।
#विद्यापति #Vidyapati #maithil
#मैथिल_कोकिल
विद्यापति : चार
++

विद्यापति : रचनाएं

रविवार, 26 जनवरी 2025

विद्यापति और किंवदंती

विद्यापति शृंखला तीन

विद्यापति का जीवन जितना प्रमाणिक है, उतना ही किंवदंतियों से भरा हुआ भी। इसमें सबसे प्रमुख है "उगना महादेव" से जुड़ी कथा। मिथिला क्षेत्र में मान्यता है कि भगवान शिव विद्यापति की भक्ति और प्रतिभा से बहुत मुदित थे और उनकी सेवा-टहल के लिए रूप बदल कर रहने लगे। विद्यापति के इस टहलुआ का नाम उगना था। विद्यापति जहां जहां जाते, उगना साथ रहता।

विद्यापति

एक दिन की बात। विद्यापति कहीं जा रहे थे। प्यास लगी। उगना साथ था। उन्होंने अपनी चिंता से अवगत कराया। उगना तत्क्षण आंख से ओझल हुआ और कुछ क्षण में ही जल लेकर उपस्थित हुआ। विद्यापति ने जल ग्रहण किया तो उन्हें आश्चर्य हुआ। वह गंगातीरी कवि थे। लाया गया जल गंगा नदी का था जबकि उस स्थान से गंगा पर्याप्त दूर थीं। उन्होंने इस संबंध में पूछताछ की तब उगना अपने असली स्वरूप में आ गए। यह साक्षात् महादेव थे।


महादेव ने कहा कि इस रहस्य के विषय में किसी को बताया तो अंतर्धान हो जाऊंगा। विद्यापति के समक्ष दोहरा संकट था। भगवान का सानिध्य और उनसे टहल कराना! बस किसी किसी तरह निबाह हो रहा था।


एक दिन किसी कार्य में देरी होने पर विद्यापति की पत्नी ने उगना को डांट लगाई। कथा है कि विद्यापति की पत्नी सुशीला ने उगना को जलावन के लिए लकड़ी लाने को भेजा। उन्हें देरी हो गई तो झुंझला कर उन्होंने लकड़ी का एक चेरा दे मारा। यह भी किंवदंती प्रचलित है कि महादेव की पूजा के लिए स्थान लीपा गया था जिस पर उगना ने आसन जमा लिया। इससे क्षुब्ध होकर सुशीला ने डांट दिया। विद्यापति से न रहा गया। हस्तक्षेप करते हुए  उन्होंने सब कुछ बता दिया। इस प्रसंग को संकेतित करता हुआ विद्यापति का गीत "उगना रे मोर कत गेलाह" इतना करुण है कि सिहरन उठती है।

"उगना रे मोरे कतए गेलाह.

कतए गेलाह हर किदहु भेलाह

माँग नही बटुआ रुसी बैसलाह.

जोही-हेरी आनी देल हंसी उठलाह.

जे मोरा उगनाक कहत उदेस.

ताहि देब कर कंगन सन्देश.

नंदन वन बिच भेटल महेश.

गौरी मन हरकित मेटल कलेस.

विद्यापति भन उगानासं काज.

नही हितकर मोर तिहुअन  राज."

भगवान शिव अंतर्धान हो गए। वह #उगना_महादेव कहे गए। आज भी मिथिला क्षेत्र में एक कुआं है, जिसे इससे जोड़कर देखा जाता है। लोग अपने घर में महादेव का मंदिर नहीं बनाते हैं कि विद्यापति के यहां जब महादेव नहीं रुके तो उनके यहां क्यों रुकेंगे। विद्यापति की शिव के प्रति भक्ति का यह अनूठा उदाहरण है।

उगना महादेव मंदिर


एक किंवदंती है कि अंतिम समय में विद्यापति ने मां गंगा का सानिध्य चाहा। गंगा उनके पास आईं और अपने गोद में रखकर बेटे को मुक्ति प्रदान की।


अगले भाग में हम विद्यापति द्वारा विरचित ग्रंथों की चर्चा करेंगे।


#मैथिल_कोकिल #साहित्य #Vidyapati #कविता #मिथिलांचल 

विद्यापति : तीन

++🧵🧵++

विद्यापति : सामान्य परिचय

विद्यापति : शृंखला दो

कुछ समय पहले तक विद्वान यही मानते रहे हैं कि विद्यापति बंगला भाषा के कवि थे। गौड़ीय संप्रदाय के महान भक्त चैतन्य महाप्रभु के बारे में कहा जाता है कि वह विद्यापति के गीत गाते-गाते विशेष मनःस्थिति में चले जाते थे, सुध बुध खो देने वाली स्थिति में।

विद्यापति : सामान्य परिचय

ओड़िया के प्रसिद्ध कवि हुए हैं चंडीदास! चंडीदास ने राधा और कृष्ण को आश्रय बनाकर कविताएं की हैं। उनकी कविता में विरह का पक्ष इतना प्रधान है कि राधा संयोग के क्षण में भी इस चिंता में रहती हैं कि कृष्ण चले जायेंगे।

सूरदास का नाम कृष्ण भक्त कवियों में आदर और श्रद्धा से लिया ही जाता है। उनके यहां भक्ति और प्रेम की सीमारेखा ही मिट गई है। चंडीदास, सूरदास और विद्यापति की तिकड़ी में विद्यापति सबसे उज्ज्वल पक्ष हैं।

उज्ज्वलनीलमणि के रचनाकार रूप गोस्वामी ने शृंगार को उज्ज्वल रस कहा है कि यह जीवन का सबसे ललित और उज्ज्वल पक्ष लाता है। समर्पण और प्रेम का शिखर शृंगार में है। ऐसे में विद्यापति के काव्य के उज्ज्वल पक्ष को रेखांकित करने का संदर्भ लेना चाहिए। सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ ने विद्यापति के शृंगार संबंधी पदों के प्रभाव का वर्णन करते हुए इसकी मादकता को ‘नागिन की लहर’ कहा है।

अंग्रेजी अध्येता और इतिहासकार जॉर्ज ग्रियर्सन ने इस मान्यता को स्थायित्व प्रदान किया कि विद्यापति मिथिला के थे और उनकी पदावली मैथिली में है अन्यथा वह बंगला के कवि माने जाते थे। हालांकि ग्रियर्सन को इसका श्रेय भी है कि उसने विद्यापति के परिवार वालों के उत्तराधिकार के अधिकार को विलोपित कर दिया था।

विद्यापति का जन्म दरभंगा अब मधुबनी जिला के बिस्फी नामक ग्राम में 1380 ईसवी में हुआ था। कालांतर में उनके प्रिय राजा शिव सिंह ने यह गांव उन्हें जागीर में दे दी थी। इस आशय का एक ताम्रपत्र भी मिला है और यह प्रमाणिक है।

विद्यापति का काल सल्तनत के बादशाह गयासुद्दीन तुगलक का है, जिनके साथ विद्यापति का संवाद भी है। कीर्तिलता नामक ग्रंथ में विद्यापति ने जौनपुर शहर का बहुत सुंदर वर्णन किया है और यवनों के अत्याचार की तरफ संकेत भी। जौनपुर के हाट/बाजार में चहल पहल का भी वर्णन यथार्थपरक है।

#विद्यापति शृंखला के आरंभ में ही हम यह बताना चाहते हैं कि वह उन चुनिंदा कवियों में हैं जिनका जीवन वृत्त प्रमाणिक साक्ष्यों के आधार पर निर्मित किया जा सका है। वह मिथिला ही नहीं, समूचे बिहार और बंगाल में कितने लोकप्रिय हैं, इसका अनुमान चंडीदास, चैतन्य महाप्रभु के उल्लेख से समझा ही जा सकता है, यह देखकर भी जाना जा सकता है कि लोक में वह गहरे रचे बसे हैं। उनके काव्य में तत्कालीन ऐतिहासिक चरित्र बहुत ठाठ के साथ उपस्थित हैं। पदावली तो शिवसिंह और लखिमा देवी के उल्लेख से भरी हुई है जिनका ऐतिहासिक साक्ष्य है।

स्रोतों से पता चलता है कि विद्यापति को राजा शिवसिंह के साथ काम करने का कम समय मिला लेकिन युवराज रूप में शिवसिंह उनके बहुत अभिन्न मित्र थे। पदावली में बहुत से ऐसे पद हैं जो उनकी अभिन्नता की घोषणा करते हैं।

विद्यापति परम शैव थे। यद्यपि शक्ति और वैष्णव मत के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान था लेकिन शिव के वह अनन्य उपासक थे। उन्हें गंगा नदी का सानिध्य मिला था और उनका देहावसान लगभग 80 साल की आयु में 1460 ईस्वी में गंगा तट पर ही हुआ। उनके विषय में कई किंवदंतियां प्रचलित हैं। इनपर चर्चा करेंगे अगली कड़ी में।

विद्यापति : दो
#Vidyapati #साहित्य #पदावली #मैथिल_कोकिल

शनिवार, 25 जनवरी 2025

विद्यापति शृंखला एक

महत्वपूर्ण सूचना 

कभी निश्चय किया था कि दस दिन तक अभिनव जयदेव; #विद्यापति, मैथिल कोकिल के जीवन, काव्य और उनसे संबंधित इतिहास, किंवदंतियों आदि पर चर्चा करेंगे किंतु अपरिहार्य कारणों से वह शृंखला बीच में ही छूट गई थी। अब हम वह पूरा करना चाहते हैं।

हम जानते हैं कि हिंदी साहित्य के आरंभिक काल के कवि विद्यापति शैव, वैष्णव और शाक्त के संगम हैं। उनके यहां इतिहास बहुत स्पष्ट और अभिलिखित है। कविता में शृंगार योजना ऋषियों को भी विचलित कर देने वाला है। राधा और कृष्ण के प्रेम का अकुंठ और मादक रूप बहुत आकर्षक है। लोक में उनकी व्याप्ति अद्भुत है। आज भी एक बड़े क्षेत्र में विद्यापति की रचनाएं गाई जाती हैं और वह स्त्री समाज में समादरणीय हैं। वह बंगाल और ओडिसा तक में समान रूप से लोकप्रिय हैं। उनकी रचना में मिथिला क्षेत्र के साथ जौनपुर का भी उल्लेख है। तत्कालीन समाज का सबसे प्रमाणिक चित्रण उनके यहां है।

विद्यापति की रचनाओं ने हिंदी साहित्य को गहरे स्तर तक प्रभावित किया है। कवि शिरोमणि सूरदास से लेकर समस्त कृष्ण भक्त कवियों पर विद्यापति का स्पष्ट प्रभाव दिखता है। आधुनिक काल में नागार्जुन, रेणु और रामवृक्ष बेनीपुरी पर उनका गहरा प्रभाव है।

तो आगामी कुछ दिन तक हम विद्यापति पर एक स्वतंत्र पोस्ट लिखेंगे जो एक दूसरे से जुड़े होंगे। आपसे अपेक्षा रहेगी कि हमारा उत्साहवर्धन हो।

#विद्यापति_एक
#विद्यापति #Vidyapati #MaithilKokil #मैथिलकोकिल #साहित्य #कविता #पदावली


शनिवार, 18 जनवरी 2025

हिन्दी में हस्ताक्षर

हस्ताक्षर, दस्तखत , signature की भाषा नहीं होती। वह आपके नाम की मुहर है, आपके व्यक्तित्व का चिह्न है। यह चिह्न रेखाओं से बनता है। सामान्य लोग सामान्यतः अपना हस्ताक्षर करते हैं तो वह अपनी जानी हुई लिपि में अपना नाम लिख देते हैं। यह प्रवृत्ति है। अपना नाम लिखना, पहचान बताने का सबसे आसान तरीका है। जो व्यक्ति जिस लिपि में साक्षर होता है, उसी लिपि में हस्ताक्षर करता है।
हिन्दी कोई लिपि नहीं है। हिन्दी एक भाषा है। इसकी लिपि देवनागरी है। नाम रमाकान्त राय लिखा जाए या Rama Kant Roy एक ही है। इसमें भाषा कहां है? लिपि अलग है। देवनागरी और रोमन।
तो कहना यह है कि आचार्य प्रशांत को बेसिक्स का ज्ञान नहीं है। वह सामान्य लोगों को मूर्ख बनाने के लिए यहां हैं और यह काम कर रहे हैं।


सद्य: आलोकित!

positive review of #Ramayana

 रामायणा फिल्म की सकारात्मक समीक्षा : - positive review of #Ramayana  राजा जनक की पुत्री सीता के स्वयंवर में राम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित...

आपने जब देखा, तब की संख्या.