आज एकादशी है।
![]() |
| भगवान श्री विष्णु |
कार्तिक मास की एकादशी का भारी माहात्म्य है। शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान एकादशी कहते हैं। कृष्ण पक्ष की एकादशी को रमा एकादशी कहते हैं।
एकादशी के विषय में पढ़ रहा था तो देखा कि बारह मास की दो दो एकादशी यानी कुल 24 के अलग अलग नाम हैं। यदि अधिक मास पड़ जाए तो उसके भी पृथक नाम रखे गए हैं। इस तरह कुल 26 एकादशी हो सकती हैं और इन 26 एकादशियों के अलग अलग नाम रखे गए हैं
रमा एकादशी पर राजा मुचुकुंद और चंद्रभागा की कहानी सुनाई जाती है। यह कथा भगवान श्रीकृष्ण ने युद्धिष्ठिर को सुनाई थी। देवोत्थान एकादशी भगवान विष्णु के जागरण का दिन है। आज से शुभ लग्न आदि आरम्भ होंगे।
मैंने जब एकादशियों के पृथक नाम पढ़े तो मुझे प्रेमचंद की कहानी बड़े भाई साहब की याद आ गई। उस कहानी में बड़े भाई साहब, छोटके को डांटते हुए कहते हैं - "बादशाहों के नाम याद रखना आसान नहीं। आठ-आठ हेनरी हो गुज़रे हैं। कौन-सा कांड किस हेनरी के समय हुआ, क्या यह याद कर लेना आसान समझते हो? हेनरी सातवें की जगह हेनरी आठवाँ लिखा और सब नंबर ग़ायब। सफाचट। सिफ़र भी न मिलेगा, सिफ़र भी। हो किस ख़याल में। दर्जनों तो जेम्स हुए हैं, दर्जनों विलियम, कोड़ियों चार्ल्स। दिमाग़ चक्कर खाने लगता है। आँधी रोग हो जाता है। इन अभागों को नाम भी न जुड़ते थे। एक ही नाम के पीछे दोयम, सोयम, चहारुम, पंजुम लगाते चले गए। मुझसे पूछते, तो दस लाख नाम बता देता।"
नाम हमारे संस्कृति की कहानी कहते हैं। दुनिया की कोई सभ्यता इतनी समृद्ध नहीं। महाभारत लिखने वाले महर्षि वेदव्यास ने सभी कौरवों के नाम एक सांस में गिना दिए हैं। अर्जुन के दस नाम तो जगतप्रसिद्ध ही हैं।
आज देवोत्थान एकादशी पर व्रत रखना चाहिए। देवोत्थान एकादशी पर तो सभी वैष्णवों को व्रत रखने का विधान बनाया गया है। व्रत से काया और चित्त की शुद्धि होती है। आज कन्ना और गन्ना का दिन है। कन्ना अर्थात कंद और गन्ना अर्थात ईख। फलाहार का विशेष ही महत्व है आज। आज नवान्न का दिन भी है। गन्ने की फसल आज से उपयोग के लिए सुलभ हो जाती है। गुड बनने लगता है, महिया मारा जाने लगता है। कोल्हाड़ से धुआं उठना शुरू हो जाता है और उधर एक मधुरता व्याप्त हो जाती है।
![]() |
| शकरकंद |
सबको देवोत्थान एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई!
एकादशी पर हमारा यह ब्लॉग देवोत्थान एकादशी पर एक स्मृति भी बहुत पढ़ा जाता है। लिंक पर क्लिक करके पढ़ें। देवोत्थान एकादशी और हम
#एकादशी #रमा_एकादशी


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
सुझाव और टिप्पणियों का स्वागत है। यहां आए हैं तो अपनी प्रतिक्रिया से अवगत अवश्य कराएं। आपका सहयोग हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।