आज कार्तिक पूर्णिमा है। दीपावली का पर्व आज पूर्ण हो रहा है। आज चंद्रमा अपनी पूर्ण अवस्था में है। एकदम धवल चांदनी और पुष्ट रात है। आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी ने लिखा है,"लोकमानस में अर्से से कार्तिकी पूर्णिमा के साथ गुरु के आविर्भाव को सम्बन्ध जोड़ दिया गया है।" गुरुनानक जी भी किसी एक दिन पैदा हुए होंगे लेकिन उनके जन्मदिन को आज की पूर्णिमा से ही जोड़ लिया जाता है। गुरुनानक एक सच्चे गृहस्थ, यायावर वृत्ति के जिज्ञासु, धर्म प्रचारक और कवि मनीषी थे।
![]() |
| गुरुनानक देव जी |
जिस समय गुरुनानक का जन्म हुआ उस समय तक देश में अरबों, गजनवियों और मुगलों के पचास से अधिक आक्रमण हो गए थे। तैमूर आदि ने लाखों लोगों को मरवा दिया था। मुगलों ने भी लाखों लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। मंदिर ढहाए गए थे। लोगों को तलवार के बल पर मतांतरित किया जा रहा था। स्त्रियों की आबरू लूटी जा रही थी। गांव के गांव नष्ट हो रहे थे। हिंदू धर्म को नष्ट किया जा रहा था। लोग प्रताड़ित किए जा रहे थे। धर्म अपना बंधन कड़ा करता जा रहा था। जाति-पांति और भेदभाव बढ़ रहा था। मतांतरण एक बहुत बड़ी चुनौती बन रही थी। लोग संन्यासी जीवन चुन रहे थे। परिवार का दबाव सहन नहीं हो रहा था।
ऐसे में गुरुनानक का उदय हुआ। वह कोई संन्यासी या वैराग्य धारण करने वाले विचारक/गुरु नहीं थे।
गुरुनानक देव का भरा पूरा परिवार था। उनके ज्येष्ठ पुत्र श्रीचंद जी ने संन्यास ले लिया था। श्रीचंद जी ने उदासी संप्रदाय की संस्थापना की जो संन्यासियों का संप्रदाय है। गुरुनानक देव का संप्रदाय संन्यास को नहीं मानता था। वह परिवार की प्रतिष्ठा करता था। आप देखेंगे कि गुरुनानक ने अपना उत्तराधिकार भाई लहणा (गुरु अंगद) को दिया। वह हिंदुओं को संन्यास लेकर पलायन करने से इतर गृहस्थ जीवन में जोड़ रहे थे। उनका मंत्र था - "नाम जपो, किरत करो और वंड छको।"
नाम जप और कीर्तन भक्ति का, नवधा भक्ति का हिस्सा है । बांटकर खाओ, अपने परिश्रम का एक अंश लोक कल्याण में लगाओ - यह सिद्धांत उन्होंने इस्लाम से लिया। यह अच्छी बात थी और संगठन के दृष्टिकोण से बहुत उपयोगी। गुरु नानक ने इसे स्वीकार कर लिया।
यह बुनियादी बात समझना चाहिए कि गुरु नानक ने स्वयं कोई नया संप्रदाय नहीं खड़ा किया। वह तो बाद में चल पड़ा।
गुरुनानक #Gurunanak देव ने संपूर्ण भारत का भ्रमण किया। उत्तर से दक्षिण तक और पश्चिम से पूर्व तक। कहते हैं कि वह सुदूर ईरान तक गए थे। नहीं! वह भारत के उस छोर तक गए थे जो आर्यावर्त था। जो जम्बू द्वीप में आता था। जिसे वृहत्तर भारत कहा गया है। गुरुनानक की यात्रा बताती है कि "भारत" किस प्रकार एक निश्चित भौगोलिक क्षेत्र वाला राष्ट्र था। उनके चार और दोस्त थे। जिसमें मरदाना का नाम सबसे अधिक लिया जाता है। सौहार्द और भाईचारा की कहानियां मरदाना के साथ ही बनी हैं। बाद में अमृतसर में जो स्वर्ण मंदिर बना, वहां भी एक सज्जन उपस्थित हैं। सूफी संत। सिख मत इस मत को छोड़ नहीं रहा था।
यह स्ट्रेटजी थी, नीति थी या कवच था - नहीं मालूम। लेकिन यह था। जब सिख मत पर से यह कवच हटा - सिख मत संकटग्रस्त हो गया। पांचवे गुरु मारे गए। नवें गुरु की हत्या की गई। दसवें गुरु ने तो बाकायदा खालसा पंथ की स्थापना ही की। गुरु गोविंद सिंह जी ने सभी हिंदुओं से अनुरोध किया था कि वह अपने परिवार का एक पुरुष सदस्य सिख मत को समर्पित कर दें।
पांचवें गुरु तक आते आते सिख मत बात शक्तिशाली हो गया था। एक मुगल शहजादा उधर शरण मांगते जा पहुंचा था। सत्ता का एक समानांतर केंद्र बन रहे थे गुरु लोग! दसवें गुरु ने इस संगठन को मजबूत किया।
तो फिर से लौटते हैं गुरुनानक देव जी पर। उन्होंने क्या किया? उन्होंने आध्यात्मिकता को जंगल, मठ और संन्यास से निकालकर गृहस्थ जीवन और सामाजिक व्यवहार में प्रतिष्ठित किया। यह एक बड़ा काम था जिससे हिंदू धर्म पुनः आशा से भर उठा। एक ऐसा सुधारक उनके समक्ष था जो फिर से गृहस्थ जीवन को प्रतिष्ठित कर रहा था। जो नाम जप और कीर्तन की महिमा बता रहा था। जो लंगर का शुभारंभ कर रहा था और सबके लिए भोजन का प्रबंध कर रहा था। जिसने अपने यहां भेदभाव और छुआछूत को हटा दिया जिससे एकता बढ़ी और जीवन जीने की लालसा बची रही।
गुरुनानक देव का यह काम एतिहासिक महत्व का है। यह समझना चाहिए कि उन्होंने कोई अलग धर्म नहीं चलाया। वह इसी धर्म में जान फूंक रहे थे। लोगों को एकजुट कर रहे थे और संगठित। उन्होंने एकजुटता सिखाई। मिल बाँट कर खाना सिखाया। कोई काम बुरा नहीं है, कहकर कर्म और श्रम की प्रतिष्ठा की। भिक्षाटन और संन्यास को हतोत्साहित किया। जो बातें की, उसे कवित्वपूर्ण बना दिया। अपने समकालीन लोगों से संवाद किया और उन्हें जोड़ा।
गुरु नानक देव जी के जन्मदिन पर हमने सार्वजनिक अवकाश रखा है। यह अवकाश देव दीपावली का अवकाश भी समझना चाहिए।
आज गुरुनानक देव जी की जयंती पर हमारा प्रणाम। मैं चाहता हूं कि गुरु जी के जीवन, विचार और शिक्षाओं को थोड़ा सन्दर्भ आदि समक्ष रखकर देखना चाहिए।
#गुरुनानक_जयंती
