गुरुवार, 12 नवंबर 2026

मूंगफली प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत है।

मूंगफली का जो छिलका आप देख रहे हैं, वह असल में प्रोटीन को एकदम से अलग कर लेने के बाद बचा हुआ अवशेष है। प्रोटीन को नमक के साथ intake किया गया है।

हमने एक दिन बताया था कि प्रतिदिन एक कटोरी जीरे से छौंकी हुई दाल लेनी है। वह आप सब कर रहे होंगे। जाड़े में प्रतिदिन स्नैक्स के स्थान पर भूनी हुई मूंगफली (छिलके वाली) खायें। यह आपको इतना प्रोटीन देगी, कि आप की मांसपेशियां कहेंगी - Thank you sir!

दीपावली में कुत्तों और बंदरों की चिंता करने वाले लोग प्रोटीन लेने के नाम पर मांसाहार करते हैं! जीवों की हत्या करते हैं। ऐसे लोगों को यह मालूम नहीं है कि असली प्रोटीन तो इस भूनी हुई मूंगफली में है। वह जानते भी होंगे तो अंजान बनेंगे।

मैं फिर से कहता हूं! एक व्यक्ति को जितना प्रोटीन चाहिए, उससे अधिक दाल और मूंगफली से मिल जाता है। आपको शेक लेने की आवश्यकता नहीं। मांसाहार को कहिए ना! दूध, दही, फल और तरकारी को कहिए - YES 🙂‍↕️!

मेरी बात से सहमत हैं तो लिखिए - Yes!

मूंगफली का छिलका. मूंगफली प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत है।


बुधवार, 11 नवंबर 2026

सोनिया गाँधी की पुस्तक : Belonging: A Journey of Love (2026) की समीक्षा

पुस्तक : Belonging: A Journey of Love

लेखिका : सोनिया गांधी

प्रकाशक : HarperCollins Publishers India

प्रकाशन वर्ष : 2026

विधा : आत्मकथात्मक संस्मरण (Memoir)

सोनिया गांधी की पुस्तक Belonging 
: A Journey of Love 


    सोनिया गांधी की पुस्तक Belonging: A Journey of Love केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व का  आत्मकथात्मक संस्मरण नहीं है, बल्कि प्रेम, परिवार, सांस्कृतिक पहचान, विस्थापन, त्रासदी और राजनीतिक दायित्वों के बीच विकसित होती एक स्त्री की जीवनयात्रा का दस्तावेज़ है। लगभग 549 पृष्ठों में विस्तृत यह पुस्तक भारतीय राजनीति के कई निर्णायक घटनाक्रमों को एक ऐसे व्यक्ति की दृष्टि से प्रस्तुत करती है, जो उन घटनाओं की केवल साक्षी नहीं रही, बल्कि किसी न किसी रूप में उनका हिस्सा भी रही है। पुस्तक का शीर्षक 'Belonging' अर्थात् अपनत्व या संबद्धता अपने भीतर एक व्यापक अर्थ समेटे हुए है। यह अपनत्व किसी एक भूगोल, भाषा, परिवार अथवा राष्ट्रीयता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रेम और अनुभवों के माध्यम से निर्मित उस भावभूमि का परिचायक है, जिसमें व्यक्ति अपनी मूल पहचान से आगे बढ़कर एक नए समाज और देश को अपना बना लेता है।

    पुस्तक की भूमिका में लेखिका स्पष्ट करती हैं कि यह राजनीतिक इतिहास लिखने का प्रयास नहीं, बल्कि उनका व्यक्तिगत संस्मरण है, जिसमें राजनीति एक पृष्ठभूमि की तरह उपस्थित है। यही बात इस पुस्तक के स्वरूप और उसकी सीमाओं, दोनों को समझने में मदद करती है। पुस्तक का पहला भाग 'Love and Courtship' लेखिका के जीवन के उस दौर को सामने लाता है, जब वे इटली के एक छोटे से कस्बे ओरबासानो से इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में पढ़ने आई थीं। उन्नीस वर्ष की उम्र में एक अपरिचित देश, अपरिचित भाषा और अलग जीवनशैली के बीच उनका संघर्ष अत्यंत रोचक ढंग से चित्रित हुआ है। कैम्ब्रिज के एक ग्रीक रेस्तराँ 'द वार्सिटी' में राजीव गांधी से पहली मुलाकात और फिर दोनों के बीच विकसित प्रेम संबंधों का वर्णन पुस्तक के सबसे सहज और आकर्षक हिस्सों में है।

    लेखिका ने इस प्रेम को किसी राजनीतिक परिवार में प्रवेश की आकांक्षा के रूप में नहीं, बल्कि दो युवाओं के सहज भावनात्मक संबंध के रूप में प्रस्तुत किया है। राजीव गांधी का सरल स्वभाव, मित्रों के साथ उनका व्यवहार, संगीत के प्रति रुचि और निजी जीवन की छोटी-छोटी घटनाएँ उन्हें एक राजनीतिक परिवार के उत्तराधिकारी के बजाय एक सामान्य युवा के रूप में सामने लाती हैं। इस प्रसंग में लेखिका के इतालवी परिवार का चित्रण भी उल्लेखनीय है। पिता का अनुशासन, माँ का स्नेह, पारिवारिक परंपराएँ और इटली के सामाजिक परिवेश का वर्णन पुस्तक को सांस्कृतिक संस्मरण का रूप देता है। विशेष रूप से पिता स्टेफानो मैनो के व्यक्तित्व के माध्यम से युद्ध, संघर्ष, श्रम, मानवीय संवेदना और पारिवारिक मूल्यों की जो तस्वीर उभरती है, वह लेखिका के व्यक्तित्व की पृष्ठभूमि समझने में सहायक है।

    पुस्तक का दूसरा भाग 'Finding My Way' भारतीय परिवेश में लेखिका के क्रमिक अनुकूलन की कहानी कहता है। विवाह के बाद नेहरू-गांधी परिवार में प्रवेश उनके लिए केवल एक नए परिवार का हिस्सा बनना नहीं था, बल्कि एक अलग सभ्यता, संस्कृति और सामाजिक वातावरण से परिचित होना भी था। इंदिरा गांधी के साथ उनके संबंधों का चित्रण विशेष महत्त्व रखता है। लेखिका अपनी सास को केवल देश की प्रधानमंत्री अथवा शक्तिशाली राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में नहीं देखतीं, बल्कि एक माँ, दादी, प्रकृति प्रेमी और संवेदनशील स्त्री के रूप में प्रस्तुत करती हैं। इस चित्रण में इंदिरा गांधी के निजी जीवन के अनेक ऐसे पक्ष सामने आते हैं, जो सामान्य राजनीतिक लेखन में प्रायः गौण रह जाते हैं। इसी प्रकार राजीव गांधी के साथ वैवाहिक जीवन, बच्चों का जन्म, पारिवारिक जिम्मेदारियाँ और राजनीतिक वातावरण से दूर सामान्य जीवन जीने की इच्छा पुस्तक को आत्मीयता प्रदान करती है। लेखिका बार-बार यह संकेत करती हैं कि उनका प्रारंभिक झुकाव राजनीति की ओर नहीं था। वे अपने पति और बच्चों के साथ एक शांत पारिवारिक जीवन चाहती थीं।

    पुस्तक का तीसरा, चौथा और पाँचवाँ भाग भारतीय राजनीति के अत्यंत उथल-पुथल भरे समय को सामने लाता है। संजय गांधी की असामयिक मृत्यु, इंदिरा गांधी की राजनीतिक चुनौतियाँ, राजीव गांधी का राजनीति में प्रवेश और अंततः उनका प्रधानमंत्री बनना इन अध्यायों के प्रमुख प्रसंग हैं। राजीव गांधी के प्रधानमंत्री कार्यकाल का वर्णन करते हुए लेखिका उनके आधुनिक दृष्टिकोण, तकनीकी विकास, प्रशासनिक सुधारों और पंचायती राज व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं। विशेष रूप से स्थानीय स्वशासन और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उनके प्रयासों का उल्लेख महत्त्वपूर्ण है। लेखिका बताती हैं कि पंचायती राज से संबंधित विधेयक राज्यसभा में तीन मतों से पारित नहीं हो सका था, लेकिन बाद में इसी विचार को संवैधानिक स्वरूप मिला। 

    हालाँकि राजीव गांधी के कार्यकाल के विवादास्पद प्रसंगों पर भी चर्चा की गई है। शाहबानो प्रकरण, श्रीलंका समझौता, पंजाब और अन्य राजनीतिक चुनौतियों का उल्लेख मिलता है। इन घटनाओं को लेखिका अपने अनुभव और दृष्टिकोण से समझने का प्रयास करती हैं। यहाँ पुस्तक का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष सामने आता है कि राजनीतिक निर्णय केवल सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा नहीं होते, बल्कि उनके परिणाम निजी जीवन को भी गहराई से प्रभावित करते हैं। सोनिया शाहबानो प्रकरण में अपनी शुरुआती असहमति तो दर्ज करती हैं, लेकिन बाद में राजीव के निर्णय की स्वतंत्र आलोचनात्मक समीक्षा नहीं करतीं। यह इस आत्मकथात्मक विवरण की एक महत्त्वपूर्ण सीमा है।

    श्रीलंका समझौते के बाद राजीव गांधी पर हुआ हमला और 1991 में उनकी हत्या का प्रसंग पुस्तक का सबसे भावुक और त्रासद हिस्सा है। लेखिका ने उस समय की आशंकाओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और परिवार पर पड़े मानसिक आघात का मार्मिक चित्रण किया है। राजीव गांधी की हत्या के बाद राहुल और प्रियंका का अपनी माँ को संभालना तथा स्वयं बच्चों के रूप में माता-पिता की भूमिका निभाना अत्यंत संवेदनशील प्रसंग है।

    पुस्तक का छठा भाग 'Leading the Congress Party' सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का सबसे महत्त्वपूर्ण अध्याय है। राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्होंने लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी। लेकिन अंततः 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व स्वीकार किया। यहाँ लेखिका के सामने दोहरी चुनौती थी। एक ओर कांग्रेस संगठन की आंतरिक कमजोरियाँ थीं, दूसरी ओर उनकी विदेशी मूल की पहचान को लेकर लगातार उठाए जाने वाले प्रश्न। पुस्तक में यह पीड़ा कई स्थानों पर दिखाई देती है कि लंबे समय तक भारत में रहने और राजनीतिक जिम्मेदारियाँ निभाने के बाद भी उन्हें बाहरी व्यक्ति के रूप में देखा जाता रहा। 2004 के लोकसभा चुनाव और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) के गठन का विवरण विशेष महत्त्व रखता है। कांग्रेस के नेतृत्व में गठबंधन की विजय के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का उनका निर्णय पुस्तक का केंद्रीय राजनीतिक प्रसंग है। वे स्पष्ट करती हैं कि यह निर्णय उनकी व्यक्तिगत इच्छा के साथ-साथ अपने बच्चों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं से भी जुड़ा था। डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाए जाने की पृष्ठभूमि का वर्णन इस प्रसंग को और महत्त्वपूर्ण बनाता है।

    पुस्तक की सबसे बड़ी विशेषता इसकी आत्मीय और संवादधर्मी शैली है। लेखिका ने बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच निजी जीवन की छोटी-छोटी स्मृतियों को स्थान दिया है। भोजन, संगीत, यात्राएँ, मित्रताएँ, पारिवारिक संबंध और व्यक्तिगत संवाद इन प्रसंगों को जीवंत बनाते हैं। विशेष रूप से इटली और भारत के सांस्कृतिक परिवेश का तुलनात्मक चित्रण पाठक को दो भिन्न संस्कृतियों के बीच विकसित होते मानवीय संबंधों का अनुभव कराता है। इस पुस्तक का केंद्रीय वैचारिक प्रश्न है—किसी देश का अपना होना आखिर किससे तय होता है? जन्म से, भाषा से, धर्म से अथवा उस समाज के प्रति प्रेम, समर्पण और जिम्मेदारी से? सोनिया गांधी का जीवन इस प्रश्न का अपना उत्तर प्रस्तुत करता है। पुस्तक के अंतिम हिस्सों में भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, धर्मनिरपेक्षता, बहुलतावाद और राजनीतिक सहिष्णुता को लेकर उनकी चिंताएँ स्पष्ट होती हैं। वे समकालीन राजनीति में बढ़ती कटुता और असहिष्णुता को लेकर भी अपनी राय रखती हैं।

    एक गंभीर पाठक के लिए पुस्तक की कुछ सीमाओं पर विचार करना आवश्यक है। यह मूलतः लेखिका का निजी संस्मरण है, इसलिए घटनाओं का चयन और उनका मूल्यांकन स्वाभाविक रूप से उनके व्यक्तिगत दृष्टिकोण से प्रभावित है। कांग्रेस की राजनीतिक भूमिका और विपक्षी दलों के संदर्भ में कई स्थानों पर उनका वैचारिक आग्रह दिखाई देता है। राजीव गांधी के कार्यकाल और कांग्रेस शासन से जुड़े विवादों का उल्लेख तो है, लेकिन उनका आलोचनात्मक विश्लेषण अपेक्षाकृत सीमित है। इस दृष्टि से पुस्तक को भारतीय राजनीति का निष्पक्ष इतिहास मानने के बजाय एक महत्त्वपूर्ण राजनीतिक सहभागी की आत्मकथात्मक गवाही के रूप में पढ़ना अधिक उचित होगा।

Rigveda se starting 

राहुल गांधी को समर्पित

अध्याय विभाजन

प्यार की कहानी शुरू हो रही है!


    Belonging: A Journey of Love का वास्तविक महत्त्व इस बात में है कि यह एक राजनीतिक परिवार की कहानी के माध्यम से आधुनिक भारत के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास के अनेक पहलुओं को सामने लाती है। यह प्रेम से आरंभ होकर वियोग, संघर्ष, सार्वजनिक जीवन और आत्मस्वीकृति तक पहुँचने वाली यात्रा है। इसमें एक ऐसी स्त्री दिखाई देती है, जिसने अपने जीवन की मूल सांस्कृतिक पहचान को छोड़े बिना एक दूसरे देश को अपना बनाया और अंततः उसी देश के राजनीतिक जीवन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुस्तक का शीर्षक इस अर्थ में अत्यंत सार्थक है कि अपनत्व कोई जन्मजात या स्थिर स्थिति नहीं, बल्कि समय, अनुभव, प्रेम और जिम्मेदारियों से निर्मित होने वाली प्रक्रिया है। सोनिया गांधी की दृष्टि में भारत से उनका संबंध इसी प्रक्रिया का परिणाम है।

    हालांकि इस आत्मकथात्मक संस्मरण में राष्टट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना का वर्ष, दिल्ली में अन्ना हजारे के आन्दोलन का समय, अहमद पटेल की मृत्यु का समय त्रुटिपूर्ण उल्लिखित है और यह प्रकाशकीय अक्षमता को दिखाता है। यह इस कृति का न्यून पक्ष बन गया है। यदि खोजा जाए तो धारणा के स्टार पर इसमें बहुत सी त्रुटियाँ मिलेंगी। यह देखना दिलचस्प है कि सोनिया गांधी ने 1984 में क्या किया। 1991 में पेरंबदूर में क्या किया? उस मिनिट टू मिनिट को देखना दिलचस्प रहेगा। अपने दो बच्चों को उन्होंने कैसे पाला, एक गृहिणी के रूप में उनकी भूमिका भी देखने लायक है। राहुल गांधी विवाह नहीं कर रहे हैं, इस दबाव को वह कैसे सहती हैं, यह भी देखने लायक है। सोनिया गांधी जी के वह अनुभव भी मूल्यवान हैं जब प्रियंका गांधी ने रॉबर्ट वाड्रा को चुना। यह विवाह आसान नहीं था।

    देखने लायक है कि इस पुस्तक में यह सब कितना आया है? आमतौर पर आत्मकथा स्वयं लिखी जाती है लेकिन आजकल यह भाड़े के लोगों से लिखवाया जाने लगा है। जब कोई दूसरा व्यक्ति लिखता होता है तो शैली वही नहीं रह जाती, जैसी स्वयं की होती। फिर गुणा गणित का ध्यान रखना पड़ता है और यहीं आत्मकथा ईमानदार नहीं रह जाती।

    इतिहासकारों, राजनीति के अध्येताओं और आत्मकथात्मक साहित्य में रुचि रखने वालों के लिए यह पुस्तक उपयोगी है। इसकी महत्ता केवल इसलिए नहीं है कि इसे एक चर्चित राजनीतिक व्यक्तित्व ने लिखा है, बल्कि इसलिए भी है कि इसमें सत्ता के पीछे मौजूद मनुष्य, परिवार के पीछे मौजूद संवेदनाएँ और राष्ट्रीय पहचान के पीछे मौजूद सांस्कृतिक अनुभवों को समझने का अवसर मिलता है। अंततः यह पुस्तक राजनीति की उपलब्धियों और पराजयों से अधिक मनुष्य के निजी संघर्षों, स्मृतियों और अपनेपन की तलाश की कहानी है। यही इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

इस विषय पर हमारा वायरल ट्वीट पोस्ट भी देखा जा सकता है-हमारा वायरल ट्विट पोस्ट

समीक्षा का आधार : प्रस्तुत मूल पुस्तक Belonging: A Journey of Love (2026)। समीक्षा में पुस्तक की आत्मकथात्मक प्रकृति और लेखिका के व्यक्तिगत राजनीतिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखा गया है।

शनिवार, 7 नवंबर 2026

positive review of #Ramayana

 रामायणा फिल्म की सकारात्मक समीक्षा : -

positive review of #Ramayana 


राजा जनक की पुत्री सीता के स्वयंवर में राम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ पहुंचे थे। स्वयंवर में धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाना था। वह प्रत्यंचा चढ़ाने में टूट गया (टूट गया तो टूट गया)!

सीता ने वरमाला श्रीराम के गले में डाल दी। अब अयोध्या सूचना दी गई। राजा दशरथ बारात लेकर धूमधाम से आए। उनके दो अन्य पुत्र भरत और शत्रुघ्न भी आए। घर में तीन और कन्याएं थीं - उर्मिला, मांडवी और श्रुतकीर्ति! उनका लग्न क्रमशः लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न से निश्चित हुआ! सबका विवाह संपन्न हुआ।

अब #Ramayana में देखें!

श्रीराम सीता से वाटिका में मिलते हैं! गोस्वामी तुलसीदास ने तो लिखा है कि सीता ने राम को अपनी आँखों के रास्ते हृदय में उतार लिया और आँखें बंद कर लीं। जैसे श्रीराम को हृदय में रख लिया हो!

लोचन मग रामहि उर आनी।

दीन्हे पलक कपाट सयानी।।

रामायण : नई फिल्म

#Ramayana में श्रीराम सीता से पूछते हैं कि मेरे भाइयों का क्या होगा? भाई उधर ही हैं। युगल भाव में! यह नया है! ब्याह से पहले सब के बारे में सोच लिया श्रीराम ने। सबका साथ सबका विकास!

गजब तो है खर दूषण से युद्ध का प्रसंग! एकदम हॉलीवुड स्टाइल में! श्रीराम, सीता और लक्ष्मण तीनों भागते हैं! फिर एकदम से तीर मारते हैं राम। शत्रु खलास! राम रणधीर हैं? नहीं, वह जान बचाने के लिए भागते हैं!

फिल्म में युद्ध है, संग्राम है लेकिन रक्तपात नहीं। इतना घमासान युद्ध होता है। रक्त की एक बूंद कहीं नहीं दिखती। कोई खरोंच नहीं आती। कोई लंगड़ाता भी नहीं। 

एक स्थान पर लक्ष्मण को घाव लगा। भागते हुए वह बावड़ी के पास पहुंचते हैं तो सीता घाव को पानी से धोती हैं। घाव ठीक हो जाता है! रावण का सिर जटायु काट देते हैं और वह सिर उग आता है! केवल सूर्पनखा की नाक से लहू निकलता दिखाई देता है।

सीता का अपहरण करना पड़ता है लेकिन फिल्म प्रो स्त्री है। 

यह अद्भुत फिल्म है। इसमें रावण का ध्यान भी रखा गया है।

केवल हीरो ही महान नहीं है। सब महान हैं।

जो नई वाली फिल्म #Ramayana आई है उसमें कुमार विश्वास #KumarVishwas और ए आर रहमान को नाहक ही दोषी बताया जा रहा है। यह दोनों मासूम और विशिष्ट कोटि के कलाकार हैं!

फिल्म का स्क्रीनप्ले श्रीधर राघवन और नितेश तिवारी ने बनाया है। वही लोग तय करते हैं कि कहानी का ढांचा और दृश्यों का क्रम क्या होगा! इस तरह समझना चाहिए कि रावण अथवा सूर्पनखा को जो इतना भाव दिया गया है वह इन्हीं के कारण। यही लोग निश्चित कर रहे हैं कि फिल्म के पात्र क्या कर रहे हैं और कहाँ हैं? परशुराम बारात वापसी के समय मिलते हैं और उधर हिमाच्छादित पर्वत आदि हैं, यह सब इन्हीं लोगों की बुद्धि से है। जनक की वाटिका में चारो भाई हैं, यह इन्होंने तय किया है। यही लोग कभी-कभी कैमरा एंगल या अन्य निर्देश भी देते हैं!

फिल्म में संवाद श्रेयस जैन और नितेश तिवारी का है। "टूट गया तो टूट गया" लिखने वाले यही लोग हैं। "यहां आसमान में तुम्हें बचाने कौन आएगा!" "यहां हम लोग आपका सम्मान कर रहे हैं और आप हैं कि ... " असली घटिया काम तो इन्हीं लोगों का है। न दृश्य की समझ है, न शास्त्र का अध्ययन। न देश काल का ज्ञान है और न चरित्र की गरिमा और मर्यादा की चिंता! सही बात तो यह है कि इसका समस्त उत्तरदायित्व नितेश तिवारी का है! असली खल यही हैं।

क्या संयोग है कि #आदिपुरुष में मनोज मुंतशिर शुक्ला, #Ramayana में कुमार विश्वास और नितेश तिवारी! इन्हीं लोगों ने गन्दगी की है। 


सकारात्मक समीक्षा लिखने से पहले हमने यह टिपण्णी भी लिखी है. नयी रिलीज रामायण की एक आलोचनात्मक दृष्टि


निष्कर्ष - स्क्रीन प्ले, संवाद के निम्न कोटि का होने का असर यह हुआ है कि गीत और संगीत भी निचले स्तर का हो गया है। कुमार विश्वास की गहराई इस छिछलेपन में दब गई है। कहावत है - एक त धिया अपने गोर, उप्पर से अईली कम्मर ओढ़! एक तो कुमार विश्वास जी की गहराई डेढ़ सेंटीमीटर से थोड़ी ही अधिक है, ऊपर से उन्हें थाली जितना गहरा स्क्रीनप्ले और संवाद मिल गया है!

शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

स्टूडियो में बैठकर रामायण की रचना नहीं हो सकती।

शास्त्र सुचिंतित पुनि पुनि देखिअ। 

भूप सुसेवित बस नहिं लेखिअ॥


परशुराम-लक्ष्मण संवाद की रचना गोस्वामी तुलसीदास ने श्रीरामचरितमानस में की है। वाल्मीकि कृत रामायण में तो परशुराम जी महाराजा दशरथ से भी बात नहीं करते। वह केवल श्रीराम को चुनौती देते हैं। वह भी तब जब बारात लौट रही है। भगवान विष्णु के दिए हुए धनुष पर बाण संधान कर देने मात्र से उनका क्रोध जाता रहता है। वहीं वह कहते हैं कि उनके पुण्य का क्षय कर दीजिए, महेंद्रगिरी पर्वत तक आने जाने की दिव्य शक्ति बनी रहे, यह अपेक्षित रखकर।

गोस्वामी तुलसीदास जी ने परशुराम का आगमन और संवाद धनुषभंग के तुरंत बाद ही करा दिया है। यहां लक्ष्मण के साथ उनका संवाद बहुत चुटीला, हास्य और व्यंग्य से युक्त और लोकरंजक है। तुलसीदास जी ने इस प्रसंग में शस्त्रधारी ब्राह्मण को नीचा दिखाया है और सूर्यवंशी कर्तव्यनिष्ठ क्षत्रिय को श्रेष्ठ। 


केशवदास ने रामचंद्रिका में परशुराम जी का संवाद चारो भाइयों से दिखा दिया है। भरत पूछते हैं कि यह कौन हैं? लक्ष्मण उन्हें रोष में लाने वाले कटु वचन कहते हैं और इस अवसर पर राम भी क्रुद्ध हो जाते हैं। जब श्रीराम और परशुराम युद्ध के लिए उद्धत हो जाते हैं तो भगवान शिव उपस्थित होकर सुलह कराते हैं।


राम-राम जब कोप करयो जू । 

लोक-लोक भय भूरि भरयो जू ।

बामदेव तब श्रापुन आये । 

रामदेव दोउन समझाये ।।


भगवान शिव तब वहां आये और दोनों रामदेव को समझाया। दोनों रामदेव? तुलसीदास जी ने श्रीराम के मुख से कहलवाया है - 

"राम मात्र लघु नाम हमारा।

परसु सहित बड़ नाम तोहारा।।" दोनों राम हैं। दोनों भगवान विष्णु के अवतार हैं। 


इसके बाद परशुराम श्रीराम को धनुष देकर चले जाते हैं। परशुराम की छवि कुठार और धनुष बाण दोनों से बनती है। धनुष अदृश्य नहीं है उनके यहां। 


#RamayanaMovie में परशुराम के हाथ में विचित्र कुल्हाड़ी दी हुई है। उसे वह चला कर मारते हैं! हद है! फिर अगले ही क्षण धनुष को प्रकट करते हैं और देते हैं। देते समय घुटने के बल बैठे हुए हैं!


थोड़ी सी चिंता गरिमा, मर्यादा आदि की कर लेनी चाहिए। इन तत्वों की ओर ध्यान देना चाहिए। सेट को समझना चाहिए। 


श्रीराम बारात लेकर लौट रहे हैं! जहां यह घटित होता दिखाया गया है,वहां कुछ ही दूरी पर पहाड़ दिखाया गया है! जनकपुरी से अयोध्या मार्ग में पहाड़ है? वह भी हिमाच्छादित? इस दृश्य के पार्श्व में दिखता है। फिल्म में है।


स्टूडियो में बैठकर #रामायण की रचना नहीं हो सकती।

गुरुवार, 5 नवंबर 2026

रामायण : फिल्म है या प्रहसन ...

 श्रीमद्वाल्मीकिरामायण में वर्णित है कि जब भगवान परशुराम राम से मिले तो उनके कंधे पर फरसा है। हाथ में विद्युत्गुणों के समान दीप्तिमान धनुष और बाण है। वह आवेश में हैं। उन्हें ज्ञात है कि शिव जी का धनुष तोड़ा गया है।



परशुराम ने वहां दशरथ से बात तक नहीं की और श्रीराम से कहा कि वह इस धनुष पर बाण चढ़ा दें। ऐसा करने पर वह उन्हें द्वंद्व युद्ध के लिए आमंत्रित करेंगे। जब राजा दशरथ ने उन्हें प्रसन्न करने के लिए कुछ कहा तो परशुराम ने उनकी अवहेलना की।


जब श्रीराम ने ऐसा किया तो उससे परशुराम का पुण्यक्षय हो गया। फिर वह धनुष सौंप कर चले गए।


अब जो #RamayanaMovie बनी है, उसमें दिखाया है कि परशुराम ने फरसे से प्रहार कर दिया। श्रीराम ने उस प्रहार को निष्फल कर दिया। तब परशुराम ने वह धनुष दिया जो उन्हें भगवान विष्णु से मिला था।


इसी बीच में लक्ष्मण परशुराम संवाद है और लक्ष्मण कह रहे हैं कि अब टूट गया तो टूट गया! एक दम "हुआ तो हुआ" वाला अप्रोच! 


एक तो आजकल अस्त्र/शस्त्र इस आकार प्रकार के बना रहे हैं फिल्मों में कि खिलौना लग रहा है। फरसा का काम कृषि और बागवानी के क्षेत्र में रहता है। पिता की हत्या से आक्रोशित परशुराम ने उसे ही अपना अस्त्र बना लिया था।


श्रीमद्वाल्मीकिरामायण में लक्ष्मण-परशुराम संवाद ही नहीं है! यह विशेष-प्रसंग-रचना गोस्वामी तुलसीदास जी ने की है। उन्होंने ही परशुराम जी को जनक की सभा में उपस्थित दिखाया और एक हास्य व्यंग्य का सुंदर दृश्य बनाया। कुमार विश्वास #KumarVishwas के लड़के कह रहे हैं कि मूलकथा वाल्मीकि रामायण से ली गई है! वहां तो यह सब है ही नहीं!


अच्छा! रावण चन्द्रहास तलवार से जटायु को इस तरह मारता है जैसे यूनानी फिल्मों में शत्रुओं को मारते हैं। एकदम से सीने में तलवार घोंप देता है! जटायु गिर रहे हैं तो उसका नाखून पकड़ लेता है जो उखड़ जाता है। सेट पर खड़ी सीता देखती रह जाती हैं! निर्निमेष। आश्चर्यचकित। शोक नहीं, भय अथवा आशंका नहीं। दुख नहीं। विक्षोभ नहीं।


#Ramayana में कुमार विश्वास, बोधिसत्व और रहमान ने एकदम से भषड़ कर दिया है।

मीरजापुर : हिन्दी सिनेमा में एक रीतिकाल चल रहा है।

ओटीटी पर आने के बाद कल हमने यह फिल्म भी देख ली। जब यह रिलीज हुई थी तो एक झोंका आया था कि देखने चलते हैं लेकिन ठहर गया था। ओटीटी अमेजन प्राइम पर आई। वेब सीरीज के बाद फिल्म के रूप में ले आना और उसे देखने लायक बनाये रखना एक चुनौती तो रहती है। इसके निर्देशक के साथ भी यह चुनौती थी।

फिल्म में एक नया माफिया, बल्कि दो माफिया नए आ गए हैं और यह समझ में आ रहा है कि गद्दी देश के हर जनपद में है। उत्तर प्रदेश के हर जनपद में है और इससे बाहर राज्य स्तर पर। हर जगह वही काम चल रहा, तस्करी, फिरौती, अपराध और राजनीति। हर जगह सेक्स का छौंक लगा दिया गया है।


इसमें एक जबरदस्ती यह हुई है कि कई लोगों की प्रेम कहानी ठूंस दी गई है और उस प्रेम की अभिव्यक्ति गीतों में है। एकदम अनावश्यक युक्ति अपनाई गई है।


कुछ एक दृश्य अच्छे हैं लेकिन उनमें कोई नयापन नहीं है। दुकान है, सैलून है, ठेला है! उसपर कुछ नए तरीके की रचना है।


छोटू पंडित की भूमिका में जितेंद्र आ गए हैं। वह बहुत जहीन बतलाये गए हैं और आंख बंद रखकर भी वह मार्ग ट्रैक कर ले रहे हैं! इसके लिए दिखाया गया है कि वह हाथ में बंधी हुई ट्रैकर का प्रयोग करते हैं। स्मार्टफोन के जमाने में ऐसा कौन करता है? एक पेशेवर अपराधी ऐसी जगह पर अपना आदमी रखता है। लेकिन जनता को सिनेमा दिखाना है बस!


रतीशंकर शुक्ला को वर्णमाला सुनना है। हिंदी वर्णमाला सुनाने वाला टवर्ग छोड़ देता है लेकिन उसे ज्ञानी माना जाता है और नई शर्त रखी जाती है कि वह उर्दू का अलिफ़ बे पढ़कर दिखाए।


फिल्मकार ने यह शुरू तो करवाया है लेकिन वह इसकी तौहीन नहीं करवा सका है। सबका हलक सूखता है। निर्देशक का भी सूखा है।


मीरजापुर में बीना त्रिपाठी के ही अंतरंग सीन दिखाए गए हैं। वही सुलभ हैं, संभवतः। पंकज त्रिपाठी के पास कोई काम नहीं है। मुन्ना ठीक जंचें हैं। गुड्डू पंडित को भी ठीक ही बैलाट दिखाया गया है।


हिंदी सिनेमा में एक रीतिकाल चल रहा है। मीरजापुर उसी का नमूना भर है।


#FilmTwitter #cinema #Mirzapur #movie

बुधवार, 28 अक्टूबर 2026

राग दरबारी उपन्यास की प्रासंगिकता और श्रीलाल शुक्ल का व्यंग्य

अप्रतिम कृति "राग दरबारी (1968)" के रचयिता श्रीलाल शुक्ल (31 दिसम्बर 1925) – 28 अक्टूबर 2011 ) जी की पुण्यतिथि 28 अक्टूबर पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। 🙏

राग दरबारी के रचनाकार श्रीलाल शुक्ल SHRILAL SHUKLA

‘राग दरबारी’ पढ़ते हुए बार-बार लगता है कि शुक्ल जी ने देश की आजादी के बीस साल बाद के परिदृश्य का चित्र खींचा था, लेकिन विडंबना है कि वह हमारे समय का दस्तावेज़ बन गया है! शिवपालगंज काल्पनिक नहीं है। वहाँ की राजनीति, शिक्षा व्यवस्था, अवसरवाद, जोड़-तोड़ और व्यवस्था के छिद्रान्वेषण में हमें आज भी अपने आसपास के अनेक परिचित चेहरे दिखाई दे जाते हैं। मैं छंगामल कॉलेज को लगभग प्रतिदिन देखता हूं।

श्रीलाल शुक्ल का व्यंग्य हँसाता है, लोट पोट कर देता है लेकिन ठीक बाद एक असहज सवाल छोड़ जाता है। उनके लेखन की विशिष्टता यही थी कि वे समाज की स्थितियों को इस तरह सामने रखते थे कि पाठक मुस्कराते-मुस्कराते अपनी व्यवस्था की सच्चाई पहचानने लगता था। उस विसंगति को झट चिह्नित कर लेता था।

‘राग दरबारी’ का सबसे बड़ा आश्चर्य यह है कि उसे पढ़ते हुए लगता है—कहानी पुरानी नहीं हुई, पात्र हमारे आसपास हैं, रंगनाथ आज भी उसी तरह शोध कर रहा है । रूप्पन छात्रा राजनीति कर रहे। छोटे पहलवान अकड़ रहे और वैद जी! वह थे, हैं और रहेंगे। थे, हैं और रहेंगे तो शाश्वत सत्य बन गया है। उपन्यास की पटकथा लिखने वाले आज भी वही हैं! वही रामाधीन, बद्री पहलवान, लंगड़ और शनीचर। राधेलाल और जोगनाथ हमें यत्र तत्र सर्वत्र दिख जाते हैं।😄

श्रीलाल शुक्ल जी ने हिंदी साहित्य को केवल एक कालजयी उपन्यास नहीं दिया, बल्कि सत्ता, समाज और संस्थाओं को देखने की एक ऐसी दृष्टि दी, जिसकी प्रासंगिकता समय के साथ कम होने के बजाय बढ़ती ही गई है। उनका उपन्यास हर उस स्थिति में याद आता है जब हम अपने आसपास कुछ विरूप होते हुए देखते हैं! आज ही मैं रामधारी सिंह बिल्डर को याद कर रहा था। कल रश्मिरथी का मंचन देखने एक वैद जी के इंस्टीट्यूट में जाना है।

हमारी विनम्र श्रद्धांजलि उस लेखक को, जिसने हमें सिखाया कि एक गंभीर सच्चाई को प्रभावी ढंग से कहने के लिए गंभीर चेहरा और भारी भरकम शब्द नहीं, व्यंग्य की नुकीली छुरी चाहिए। लगे कि गुदगुदा रहे हैं लेकिन असल में खुरच रहे होते हैं।

अपने "गंज" के सभी साथियों को कहूंगा कि वह इस महान रचनाकार को श्रद्धांजलि दें। 

#श्रीलालशुक्ल #रागदरबारी #हिंदीसाहित्य

सद्य: आलोकित!

M A HINDI 3rd semester आधुनिक हिन्दी काव्य Question Paper

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर  Paper Code- A010901T M.A. (III Semester) Examination, 2026-27 (राष्ट्रीय शिक्षा नीति) हिन्दी आध...

आपने जब देखा, तब की संख्या.