शनिवार, 6 जुलाई 2024

अपरुप के कवि : विद्यापति

 विद्यापति अपरूप सौंदर्य के कवि हैं। शृंगार वर्णन के क्रम में जब वह रूप वर्णन करते हैं तो उनकी दृष्टि प्रगल्भ हो उठती है। वह मांसल भोग करने लगते हैं। सौंदर्य वर्णन में वह "सुन्दरि" की अपरूप छवि के बारे में अवश्य ही बताते हैं - "सजनी, अपरूप पेखलि रामा!"

"सखि हे, अपरूप चातुरि गोरि!"

अपरूप अर्थात ऐसा रूप जो वर्णन से परे है। अपूर्व है। अवर्णनीय है। जातक ग्रंथों में अनुत्तरो शब्द आता है। सबसे परे। यह सुन्दरी राधा हैं। राधा की व्यंजना अपने अपने अनुसार हो सकती है। वह राधा के रूप को देखकर कहते हैं कि उन्हें बनाने में जैसे विधाता ने धरती के समस्त लावण्य को स्वयं मिलाया हो।


रूप वर्णन करते हुए विद्यापति अपरूप का व्यक्त करते हैं और उनकी दृष्टि #स्तनों पर टिक जाती है। कुच वर्णन में जितना उनका मन रमा है, हिंदी में ही नहीं, संभवतः किसी भी साहित्य में द्वितीयोनास्ति! जब शैशव और यौवन मिलता है तब नायिका मुकुर अर्थात आईना हाथ में लेकर, अकेले में जहां और कोई नहीं है अपना उरोज देखती है, उसे (विकसित होते) देखकर हंसती है -

"निरजन उरज हेरइ कत बेरि, बिहंसइ अपन पयोधर हेरि।

पहिलें बदरि सम पुन नवरंग, दिन दिन अनंग अगोरल अंग।"

पहले बदरि समान अर्थात बैर के आकार का। फिर नारंगी।..

वह वयःसंधि में अपने बाल संवारती और बिखेर देती है। उरोजों के उदय स्थान की लालिमा देखती है।

रूप वर्णन में #विद्यापति का मन इस अंग के वर्णन में खूब रमा है। वह पदावली में अवसर निकाल निकाल कर एक पंक्ति अवश्य जोड़ देते हैं। दूसरा, अंग जिसपर #विद्यापति की काव्य प्रतिभा प्रगल्भ है, वह #नितंब हैं।

"कटिकेर गौरव पाओल नितंब, एकक खीन अओक अबलंब।" कटि अर्थात कमर का गौरव नितम्बों ने पा लिया है। एक क्षीण हुआ है तो अन्य पर जाकर आश्रित हो गया है।

विद्यापति की यह सुन्दरि पीन पयोधर दूबरि गाता है। वह क्षण क्षण की गतिविधि को अंकित करते हैं। सौंदर्य की यही तो परिभाषा कही गई है - प्रतिक्षण नवीन होना। सौंदर्य वहीं है जहां नित नूतन व्यवहार है, रूप है, दर्शन है।


इसी के प्रभाव से जो रूप बना, वह मनसिज अर्थात कामदेव को मोहित कर लेने वाला है। मुग्धा नायिकाओं के चरित्र को विद्यापति बहुत सजल होकर अपने पदों में व्यक्त करते हैं और इसे अपरूप कहकर रहस्यात्मक और अलौकिक बना देते हैं।

विद्यापति का यह रूप वर्णन इतना मांसल है कि कालांतर में यह सभा समाज से गोपनीय रखा जाने लगा।

यह विचार करने की बात है कि जिस समय विद्यापति थे, लगभग उसी समय खजुराहो और कोणार्क के मंदिर बन रहे थे। रूप वर्णन और काम कला के अंकन में कैसी अकुंठ भावना थी। समाज कितना आगे था। फिर बाहरी आक्रमण हुए, स्त्रियों को वस्तु मानने वाले लोगों का आधिपत्य हुआ, समाज में दुराचारी और बर्बर लोगों का हस्तक्षेप हुआ, लुच्चे और लंपट आततायी लोग आए और सामाजिक ताना बाना बिखर गया। नए बंधन मिल गए। घूंघट और पर्दा की प्रथा बन गई। मुक्त समाज बचने के लिए सिकुड़ता चला गया।


विद्यापति के रूप वर्णन को मुक्त मन की स्वाभाविक अभिव्यक्ति मानना चाहिए। वह बहुत आधुनिक कवि हैं। उनसा कोई और नहीं है। बाद के कवियों ने बहुत प्रयास किया, नख शिख वर्णन में कोशिश की लेकिन वह सहजता, स्वाभाविकता नहीं आई। यह स्वाभाविकता मुक्त सामाजिक व्यवस्था से आती है, जिसकी छवि विद्यापति के यह दिखती है।

विद्यापति : अपरूप सौंदर्य के कवि 

#vidyapati #पदावली #रूप_वर्णन

#सौन्दर्य 

#अपरूप

शुक्रवार, 5 जुलाई 2024

लोमहर्षण और लोमहर्षक

 उनका नाम लोमश था। बड़े बड़े रोएं वाले। पुराणों के बहुत अच्छे वक्ता थे। अपनी वक्तृता से रोमांचित कर देने वाले। इस कारण उनका नाम ही लोमहर्षण हुआ। पुराण की कथाएं ज्ञानवर्धक और कल्याणकारी हैं, उन्हें सुनकर रोमांच होना सुखद अनुभूति है। लोमहर्षण व्यास थे और एक बार जब वह नैमिषारण्य में कथा वाचन कर रहे थे तब बलदेव ने अपने स्थान से उठकर स्वागत न करने पर उनका शिरोच्छेद कर दिया था। ब्रह्महत्या के दोषी हुए।


महाभारत में लोमहर्षण का प्रयोग है। गीता में यह रोमांचित करने के अर्थ में है। युद्ध भूमि में तुमुलनाद से भी रोमहर्षण होता है। वीर योद्धा युद्ध का दृश्य देखकर रोमांचित होते हैं और दुगुने उत्साह से युद्ध करते हैं। इसका अर्थ कायरों ने भयोत्पादक लिया है। रणभूमि में योद्धा डरेगा तो युद्ध क्या करेगा!


शब्दकोश में लोमहर्षण का विपरित अर्थ एक साथ मिलता है। सकारात्मक और नकारात्मक। रोमांचित करने वाला और भयानक। रोंगटे खड़ा कर देने का अर्थ लोग डरावना लेते हैं और लोमहर्षण के पर्याय की तरह प्रयुक्त करते हैं। बिना विचार किए कि यह सर्वथा विपरित अर्थ है।


चूंकि शब्दकोश में दिया गया है, इसलिए इसका प्रयोग धड़ल्ले से चल रहा है। रूढ़ि की तरह।


कल जब हमने फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद के वक्तव्य से #लोमहर्षक शब्द पर आपत्ति की तो ट्रॉलर्स ने मेरा मखौल उड़ाया। उड़ा रहे हैं। इस विषय में मुझे तीन बातें कहनी हैं -


१. शोक और पीड़ा के क्षणों में व्यक्ति निःशब्द हो जाता है। उसकी वाणी शून्य हो जाती है लेकिन माननीय सांसद जी का वक्तव्य सुनिए। विशेषणों की झड़ी लगा दी है उन्होंने। अवसर है उनके लिए। आपदा में अवसर। उनका लोमहर्षण हो रहा है तो वह लोमहर्षक बता रहे हैं।


२. यह सही है कि लोमहर्षक (यह शब्द भी प्रचलित है, कोश में नहीं है) का प्रयोग भयावह के लिए भी होता है लेकिन क्या यह रोमांचक/सुखद के लिए उपयुक्त नहीं है? मेरी बात में दस प्रतिशत अन्यार्थ के लिए हो सकती है, लेकिन सर्वथा गलत नहीं है। और


३. यदि आप शब्द का गलत अर्थ ले रहे हैं तो यह आपकी समस्या है। मैं अपील करूंगा कि इसे सुधार लीजिए। अंग्रेजी पर्याय देख सकते हैं। आप गलत अर्थ ले रहे हैं और इसे अपने प्रयोग में बदल लीजिए।


मैं एक क्षण के लिए मान लेता हूं कि मैं अर्धसत्य कहा है। यही तरीका तो राहुल गांधी का #हिन्दू और #हिंसक के नैरेटिव में था। वह तो समुदाय के प्रतीकों में घाल मेल कर गए। संसद में कर गए। तब तो आपमें से किसी ने आपत्ति नहीं की।


मैं सोचता हूं कि #हाथरस घटना पर अपना वक्तव्य देते हुए अवधेश प्रसाद प्रफुल्लित और रोमांचित थे। विशेषणों की झड़ी इसी नाते लग रही थी।



#शब्द_चर्चा

सद्य: आलोकित!

अपरुप के कवि : विद्यापति

 विद्यापति अपरूप सौंदर्य के कवि हैं। शृंगार वर्णन के क्रम में जब वह रूप वर्णन करते हैं तो उनकी दृष्टि प्रगल्भ हो उठती है। वह मांसल भोग करने ...

आपने जब देखा, तब की संख्या.