सोमवार, 3 मार्च 2025

पाँच महत्वपूर्ण कोश ग्रन्थ

पाँच महत्वपूर्ण कोश ग्रन्थ, जो एक पाठक, अध्येता, लेखक के पास अवश्य होना चाहिए।


पहले कोश और कोष का अंतर स्पष्ट करते चलें।

सामान्यतया दोनों समानार्थी हैं और मूल्यवान वस्तुओं के संग्रह स्थल के परिचायक। अंतर यह है कि कोष संपत्ति, धन, रत्न और मूल्यवान धातुओं के संग्रह से जुड़ा हुआ है। राजकोष, कोषागार आदि इसी से संबंधित हैं। जबकि कोश शब्दों के संग्रह से संबंधित है। यह भाषा से संबंधित है।


१. संस्कृत हिन्दी कोश, कोशकार, वामन शिवराम आप्टे।

संस्कृत के शब्दों का सही हिन्दी अर्थ मुझे इस कोश में मिला। अब यह कोश कॉपीराइट से मुक्त हो गया है तो कई प्रकाशकों ने इसे छाप दिया है। अतः यह चुनाव करना माथापच्ची हो सकती है कि सही पाठ कौन सा है?

संस्कृत हिन्दी कोश


आप मोतीलाल बनारसीदास से प्रकाशित ग्रन्थ चुन सकते हैं!


२. लोकभारती वृहत् प्रामाणिक हिन्दी कोश। कोशकार आचार्य रामचन्द्र वर्मा, डॉ बदरीनाथ कपूर।

हिन्दी से हिन्दी शब्दों का कोश ग्रन्थ लोकभारती प्रकाशन जो राजकमल प्रकाशन का अनुषंगी है, से प्रकाशित है और बहुत उपयोगी है। हिन्दी से हिन्दी शब्दों का एक कोश डॉ हरदेव बाहरी ने भी बनाया है। सबसे समृद्ध तो नागरी प्रचारिणी सभा, वाराणसी का है जिसे आचार्य श्याम सुंदर दास ने संपादित किया है। (वहां से इसका नया रूप शीघ्र ही आने की संभावना है। प्रतीक्षारत हूं।) विगत दिवस महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय ने भी एक कोश प्रस्तुत किया था किंतु ...।   



  ३. उर्दू - हिन्दी शब्दकोश। कोशकार - मुहम्मद मुस्तफा खां 'मद्दाह'। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान ने यह सबसे अधिक मूल्यवान कोश प्रकाशित किया है। उर्दू अरबी फारसी के शब्दों का हिन्दी अर्थ इसमें बहुत सावधानी से बताने का प्रयास किया गया है। बहुत से ऐसे शब्द जो उर्दू फारसी के हैं, उनका अर्थ जानने के लिए यह एक आवश्यक कोश ग्रन्थ है।



४. OXFORD Advanced Learner's dictionary. ऑक्सफोर्ड की यह प्रस्तुति बहुत सही है। इसमें अंग्रेजी से अंग्रेजी के पर्याय हैं। वैसे तो भार्गव की अंग्रेजी से हिन्दी डिक्शनरी बहुत काम की है और हम सबलोगों के बचपन में वह सबसे अधिक उपयोग में आई है लेकिन जब अंग्रेजी भाषा के शब्दकोश का मामला हो तो यह अपने निकट रखना चाहिए। एक आवश्यक कोश ग्रन्थ है। अंग्रेजी से हिन्दी शब्दों का एक कोश भी ऑक्सफोर्ड के सौजन्य से प्रकाशित किया हुआ रखना चाहिए।

५. हिन्दी साहित्य कोश। यह कोश दो खंड में है। एक में लेखकों के नाम से और दूसरा रचनाओं/परिभाषिक शब्दों के साथ। इसमें साहित्य से संबंधित शब्दों, लेखकों, उनकी रचनाओं का बहुत सही विवरण और परिचय है। एक आवश्यक ग्रन्थ।

हिंदी साहित्य कोश


इसके अतिरिक्त हिन्दी का एक थिसारस (समांतर कोश) भी आवश्यक है, जिसमें शब्दों के उत्पत्ति विषयक अवधारणा भी है।

परिभाषिक शब्दों का एक कोश भी आवश्यक हो गया है। समय की मांग के अनुसार विभिन्न विभागों में प्रयोग के लिए अपने कोश हो सकते हैं। अन्य भाषाओं से हिंदी और हिंदी से अन्य भाषाओं का कोश भी आवश्यक हो तो रख सकते हैं।


धन्यवाद।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सुझाव और टिप्पणियों का स्वागत है। यहां आए हैं तो अपनी प्रतिक्रिया से अवगत अवश्य कराएं। आपका सहयोग हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सद्य: आलोकित!

M A HINDI 3rd semester आधुनिक हिन्दी काव्य Question Paper

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर  Paper Code- A010901T M.A. (III Semester) Examination, 2026-27 (राष्ट्रीय शिक्षा नीति) हिन्दी आध...

आपने जब देखा, तब की संख्या.