बुधवार, 4 मई 2022

बौद्ध धर्म को संकुचित करते आधुनिक बौद्ध

-पीयूष कान्त राय

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज एक्जाम 2016 बैच की टॉपर टीना डाबी ने हाल ही में सीनियर आईएएस अधिकारी प्रदीप गवांडे के साथ शादी कर ली । यह उनका दूसरा विवाह है। उनकी शादी कई कारणों से चर्चा में रही और आए दिन ट्विटर एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इसका प्रचार भी हुआ। अब उनके विवाह की तस्वीरें सुर्खियां बनी हुई है। बौद्ध भिक्षु कश्यप आनंद द्वारा बौद्ध पद्धति से शादी समारोह संपन्न कराया गया जिसके साक्षी के रूप में भगवान बुद्ध की छोटी सी मूर्ति के साथ बाबा साहब अंबेडकर की बड़ी तस्वीर रखी गई थी।

इसमें कोई शक नहीं है कि भगवान बुद्ध ने अपने जीवन काल में तपोबल और ज्ञान से जो दर्शन दिया वह संपूर्ण रूप से ग्राह्य है। बौद्ध धर्म के प्रचार में महान सम्राट अशोक ने जिस  दूरदर्शी दृष्टि का परिचय दिया उसने आगे चलकर बौद्ध धर्म  को अपने मूल रूप से जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । अशोक के अलावा भी कई शासकों एवं दार्शनिकों ने बौद्ध धर्म के विषय में सकारात्मक रुख अपनाए। लेकिन आज के दौर में महात्मा बुद्ध के बाद बौद्ध धर्म में अंबेडकर का स्थान हो गया है। अंबेडकर आजीवन हिंदू रहे। उन्होंने हिंदू रहते हुए इसकी कुरीतियों को दूर करने का हरसंभव प्रयत्न किया। जीवन की संपूर्ण कृतियां उन्होंने हिंदू रहते ही उद्धेलित की थी। अपनी मृत्यु से केवल कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने समर्थकों के साथ बौद्ध धर्म को अंगीकार किया था। देखा जाए तो बौद्ध दर्शन, चिंतन एवं इसके प्रचार-प्रसार में अंबेडकर का कोई योगदान नहीं रहा है। इसके बावजूद आज एक प्रतिक्रियावादी समूह अंबेडकर को बौद्ध दर्शन के प्रणेता के रूप में स्थापित करने में अपना सामर्थ्य झोंक दिया है। यह दृष्टि बौद्ध दर्शन जैसे महान मूल्यों के प्रति संकुचित दृष्टि पैदा करता है, जो हिंदुओं में एक खास वर्ग को लक्षित करके प्रचारित किया जाता है। अंबेडकर ने एक बार कहा था कि "मैं पैदा तो हिंदू हुआ हूँ लेकिन मैं हिंदू मरूँगा नहीं।" इस बात में उन्होंने कहीं भी बौद्ध धर्म का जिक्र नहीं किया है। 

यह जानना आवश्यक है कि अपने जीवन काल में गांधी और अंबेडकर दोनों को इस्लाम और ईसाई मत में दीक्षित करने के कई प्रयास हुए। गांधी ने तो गीता के "स्वधर्मे निधनं श्रेय" कहकर सच्चा हिंदू बने रहने का संकल्प किया किंतु भीम राव अम्बेडकर ने हिंदू न रहने के संकल्प का पालन किया। हालांकि यह उल्लेखनीय है कि उन्होंने ईसाई अथवा इस्लाम स्वीकार नहीं किया।

वास्तव में धर्म के मसले पर अंबेडकर स्वयं ही अस्पष्ट थे। उन्होंने इस्लाम और ईसाई समुदाय की तीखी आलोचना की है। हालाँकि मृत्यु के कुछ दिन पहले उन्होंने बौद्ध धर्म ग्रहण कर लिया ,लेकिन वह सिर्फ उनकी हिंदू धर्म के प्रति कुंठा का प्रतिक्रियावादी स्वरूप था । आज भी उनके कट्टर समर्थकों में वही प्रतिक्रियावादी विचारधारा का समावेश झलकता है। यह पूरा मामला अपने आप में विचारणीय है।

पीयूष कान्त राय

(पीयूष कान्त राय मूलतः गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के हैं। उनकी पाँखें अभी जम रही हैं। साहित्य और साहित्येतर पुस्तकें पढ़ने में रुचि रखते हैं। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, काशी में फ्रेंच साहित्य में परास्नातक के विद्यार्थी हैं। वह फ्रेंच भाषा, यात्रा और पर्यटन प्रबन्धन तथा प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्त्व के अध्येता हैं और फ्रेंच-अङ्ग्रेज़ी-हिन्दी अनुवाद सीख रहे हैं। साहित्य और संस्कृति को देखने-समझने की उनकी विशेष दृष्टि है। टीना डाबी प्रकरण में नव बौद्ध वृत्ति पर समसामयिक घटनाक्रम पर उनकी यह विशेष टिप्पणी।)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सुझाव और टिप्पणियों का स्वागत है। यहां आए हैं तो अपनी प्रतिक्रिया से अवगत अवश्य कराएं। आपका सहयोग हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सद्य: आलोकित!

M A HINDI 3rd semester आधुनिक हिन्दी काव्य Question Paper

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर  Paper Code- A010901T M.A. (III Semester) Examination, 2026-27 (राष्ट्रीय शिक्षा नीति) हिन्दी आध...

आपने जब देखा, तब की संख्या.